इस जेल के अंदर बंदियों की लगती बोली, जानिए कीमत
फोन कॉल में बंदी बताता है कि जेल के अंदर सामान्य बंदियों से पांच सौ से लेकर दस हजार तक और हाई प्रोफाइल बंदियों से 50 हजार से लाख दो लाख तक की वसूली की जाती है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद जेल में बंदियों की हैसियत के अनुसार उनकी बोली लगती है। पांच सौ से लेकर लाख दो लाख तक बोली लगाई जाती है। एक जमादार के इशारे पर यह काम होता है।
ऐसा दावा करता हुआ एक बंदी की फोन बातचीत का ऑडियो मंगलवार को वायरल हो गया। खुद को बंदी बतानेवाला शख्स एक मीडियाकर्मी को फोन कर जेल की गड़बड़ी बताता है। मंगलवार शाम को यह ऑडियो वायरल हो गया। कई मीडियाकर्मियों तक भी यह पहुंच जाता है। फोन कॉल में बंदी बताता है कि जेल के अंदर सामान्य बंदियों से पांच सौ से लेकर दस हजार तक और हाई प्रोफाइल बंदियों से 50 हजार से लाख दो लाख तक की वसूली की जाती है। इसके एवज में उन्हें जेल में सुविधा दी जाती है। बातचीत करनेवाला बंदी इसके लिए कारा के एक जमादार को जिम्मेदार बताता है। बंदी बताता है कि आर्थिक अपराध के मामले में जेल आनेवाले लोगों से ज्यादा वसूली होती है। जेल के एक जमादार के इशारे पर यह वसूली की जाती है। बातचीत के दौरान जेल के अंदर की कुछ और गड़बडिय़ों की जानकारी दी जाती है। बताया जाता है कि कैंटीन के आवंटन में भी मनमानी होती है। मंगलवार को शहर में इस ऑडियो की खूब चर्चा रही। यह कौन बंदी है इसका खुलासा नहीं हो पाया। न ही यह पता चल सका कि फोन कहां से किया गया है। वैसे कारा प्रशासन ने इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है।
जेल से कोई नहीं कर सकता फोन : धनबाद मंडल कारा के अधीक्षक ए प्रजापति ने वायरल फोन ऑडियो को फर्जी करार दिया है। उन्होंने कहा कि धनबाद जेल में जैमर लगा है। जेल से तो क्या कोई आसपास से भी बात नहीं कर सकता। जेल के अंदर फोन ले जाने का कोई सवाल ही नहीं पैदा होता। जेल के चप्पे चप्पे पर वरीय अधिकारियों की नजर रहती है। ऐसे में बंदियों की खरीद-फरोख्त की बात पूरी तरह झूठ है। गड़बड़ी करने पर जेल में कई बंदियों पर सख्ती की जा सकती है। उनका ही कोई जानकार ऐसी अफवाह फैला रहा होगा। इसमें तनिक सच्चाई नहीं है।