PM Modi in Jharkhand : बाबा धाम की धरती से नार्थ-ईस्ट को दिया संदेश, कहा- आपकी भाषा, संस्कृति का मान सम्मान मोदी की जिम्मेदारी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि बाबा धाम यहां से दूर नहीं है। मैं बाबा धाम की धरती से नार्थ-ईस्ट के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि वहां की भाषा संस्कृति का मान सम्मान रखा जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि बाबा धाम (देवघर) यहां से दूर नहीं है। मैं बाबा धाम की धरती से नार्थ-ईस्ट के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि वहां की भाषा, संस्कृति का मान सम्मान रखा जाएगा। यह भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। पीएम ने धनबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उक्त बाते कही।
पीएम नरेंद्र मोदी ने आक्रामक अंदाज में नागरिकता संशोधन बिल पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आम लोगों से कांग्रेस के बहकावे और छलावे से बचने की अपील की। कहा कि देश के लोगों, खासकर नार्थ-ईस्ट (असम) के लोगों को इस बिल से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। नार्थ ईस्ट का एक भी राज्य इससे प्रभावित नहीं है।
आजादी के बाद अलग-अलग समय पर देश की दो भुजाएं काटी गर्ईं
एनआरसी पर मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश की दो भुजाएं अलग-अलग समय पर काट दी गर्ईं। इसका प्रभाव पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यकों पर सर्वाधिक पड़ा। अफगानिस्तान में तालिबानियों ने ईसाई समुदाय के लोगों के साथ मारकाट शुरू की तो सैकड़ों की संख्या में लोग भारत भागकर आए। उन्हें आश्वासन के बावजूद नागरिकता नहीं दी गई। यही कारण है कि हमने पड़ोसी देशों के हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, ईसाई और पारसी अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने का निर्णय लिया।
NRC पर नार्थ-ईस्ट में आग लगाने की कोशिश में कांग्रेस
पीएम ने कहा कि वहां उनके खिलाफ अमानवीय बर्ताव हो रहा था। बहू-बेटियों के साथ अत्याचार भी आम बात थी। कांग्रेस इस मुद्दे पर मुस्लिमों से छल कर रही है। नार्थ-ईस्ट में कांग्रेस आग लगाने की कोशिश में है, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बाबा धाम की धरती से नार्थ-ईस्ट को आश्वस्त करना चाहता हूं कि वहां की भाषा, संस्कृति का मान सम्मान रखा जाएगा और यह भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है।