जनता को विधायक ने दी धैर्य रखने की नसीहत, कहा-नवंबर से मिलेगी निर्बाध बिजली
धनबाद के कांड्रा में बन रहा नेशनल ग्रिड का पावर सब स्टेशन।
धनबाद, जेएनएन। बिजली संकट से त्राहि-त्राहि कर रही धनबाद कोयलांचल की जनता को भाजपा विधायक राज सिन्हा ने धैर्य रखने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा है, संकट का स्थायी समाधान के लिए राज्य की भाजपा सरकार काम कर रही है। नवंबर से धनबाद को निर्बाध बिजली मिलेगी।
कांड्रा में बन रहा नेशनल ग्रिड का पावर सब स्टेशन : धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने बताया कि डीवीसी की मनमानी के कारण झारखंड के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में बिजली संकट है। डीवीसी रोज दस से बारह घंटे बिजली कटौती कर रहा है। धनबाद जिले के कांड्रा में बन रहे नेशलन पावर ग्रिड के पावर सब स्टेशन के नवंबर महीने में चालू होने के बाद डीवीसी के ऊपर से निर्भरता खत्म हो जाएगी। नेशनल पावर ग्रिड के पास सरप्लस बिजली है। डीवीसी की अपेक्षा सस्ती भी है। उन्होंने कहा, कांड्रा में पावर सब स्टेशन चालू होते ही धनबाद का बिजली संकट दूर हो जाएगा। दो महीने बाद जनता को संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री से मिलेंगे भाजपा विधायक: सिन्हा ने बताया कि बिजली संकट के कारण आम लोगों में नाराजगी स्वभाविक है। डीवीसी के कमांड क्षेत्र में आने वाले जिलों के भाजपा विधायक बिजली संकट को लेकर चिंतित हैं। सभी ने मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिलने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने समय दिया तो शुक्रवार को रांची में उनसे मिलकर बिजली संकट पर बात की जाएगी ताकि डीवीसी की कटौती का हल निकल सके।