Dhanbad Murder & Robbery Case: अपराध के बाद हड़बड़ी में नही थे अपराधी, आराम से बाथरूम में स्नान करके गए
घटना के बाद घर से पुलिस ने शीला सिन्हा का दोनों मोबाइल फोन बरामद किया है। घटना से ठीक पहले दोनों फोन चालू थे। बाद में दोनों बंद हो गए। जब पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच की तो एक फोन फ्लाइट मोड में तो दूसरा स्वीच ऑफ मिला।
धनबाद, जेएनएन। सरायढेला थाना क्षेत्र के कुुसुम विहार में रहने वाली शीला सिन्हा की हुई हत्या के मामले में पुलिस हत्यारे तक पहुंच चुकी है। बस कुछ सबूतों को हत्या के कारणों से मिलाना बाकी है। पुलिस हत्या की कहानी और उसके पीछे के राज के करीब है। इस कड़ी में भाड़ेदार ने जो कहानी बताई वह तकनीकी सबूतों से मैच नहीं कर रहा है। यह बात भी सामने आयी है कि आए दिन भाड़ेदार का झगड़ा शीला सिन्हा से हुआ करता था। कई ऐसी अन्य बातें हैं जो भाड़ेदार राजकुमार के बयान से मेल नहीं खा रही हैं। फिलहाल राजकुमार और स्वजनों से पुलिस की पूछताछ जारी है।
घटना के समय कुसुम विहार में मिला राजकुमार का लोकेशन
पुलिस ने बुधवार को भी अपनी जांच शुरू की है। जांच के दौरान क्राइम सीन को फिर से गंभीरता से देखने, पूछताछ और तकनीकी सबूत का मिलान किया जा रहा है। राजकुमार ने पुलिस को बताया है कि जब वह रात अपने घर से निकल कर ओजोन प्लाजा जा रहा था, तभी उसे घर के आसपास दो काले रंग की प्लसर पर सवार चार मोटरसाइकिल सवार दिखे थे। वे फोन पर बात कर रहे थे। उसने यह भी बताया कि ओजोन प्लाजा में वह गार्ड की नौकरी करता है और रात में वह अपने काम पर चला गया था। इधर घर के आसपास रहने वाले लोगों ने किसी भी प्लसर सवार को देखने से इंकार किया है। जबकि राजकुमार का मोबाइल लोकेशन कुसुम विहार में ही मिला है।
घर के बाथरूम में नहा-धो कर निकले अपराधी
पुलिस छानबीन में यह बात सामने आयी है कि अपराधियों ने हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद शीला सिन्हा के बाथरूम में स्नान किया और अपने कपड़े भी धोए हैं। बाथरूम में मिली गंजी और एक अन्य कपड़ा को भी धोया गया है। इस पर खून के दाग मिले हैं। गंजी और यह कपड़ा अपराधियों का है। नीचे तल के कमरे में शीला सिन्हा की हत्या की गई। जबकि खून से सने कपड़े उपरी तल के बाथरुम में मिले हैं। इस कांड में एक महिला के भी शामिल होने का शक पुलिस को है। इसके अलावा एक अन्य युवक भी शामिल है जो घटना में शामिल है। यह विकास विकास नगर मटकुरिया का रहने वाला है और इसका भी मोबाइल लोकेशन घटना स्थल और राजकुमार के साथ का मिला है।
फ्लाइट मोड और स्वीच ऑफ मिला शीला का मोबाइल
घटना के बाद घर से पुलिस ने शीला सिन्हा का दोनों मोबाइल फोन बरामद किया है। घटना से ठीक पहले दोनों फोन चालू थे, लेकिन उसके बाद दोनों बंद हो गए। जब पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच की तो एक फोन फ्लाइट मोड में तो दूसरा स्वीच ऑफ मिला। पुलिस मान रही है कि अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद दोनों फोन को इस हाल में कर दिया।