कहीं सिगरेट और लार न बन जाए नीरज हत्याकांड के आरोपितों के गले की फांस, जानिए
21 मार्च 2017 को नीरज सिंह, अशोक यादव, घोल्टू महतो तथा मुन्ना तिवारी की गोली मारकर हत्या हुई थी। घटना के दूसरे दिन एसआइटी, सीआइडी के अलावा फोरेंसिक टीम ने छानबीन शुरू की।
धनबाद, जेएनएन। पूर्व डिप्टी मेयर सह कांग्र्रेस नेता नीरज सिंह हत्याकांड में पुलिस का पूरा अनुसंधान तकनीकी साक्ष्य पर जुड़ा है। इस कांड में पुलिस ने विधायक संजीव सिंह समेत सभी आरोपितों को तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कड़ी से कड़ी जोड़ लिया है। यहां तक की कुसुम बिहार में ठहरे शूटर के सिगरेट व लार का डीएन टेस्ट भी सत्यापित हो जाने का पुलिस सूत्रों ने दावा किया है। पुलिस सभी आरोपितों को इस कांड में कड़ी से कड़ी जोड़ चुकी है।
तकरीबन पांच सौ पन्ने की डायरी पुलिस ने कोर्ट को सौंपी है उसमेंं नीरज हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपितों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की गई है। इस पर न्यायालय में ट्रायल के दाैरान हत्याकांड के भाग्य का फैसला होगा। मालूम हो कि 21 मार्च 2017 को नीरज सिंह, अशोक यादव, घोल्टू महतो तथा मुन्ना तिवारी की गोली मारकर हत्या हुई थी। घटना के दूसरे दिन एसआइटी, सीआइडी के अलावा फोरेंसिक टीम ने छानबीन शुरू की। 23 मार्च 20 17 को अभिषेक ने इस कांड की प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें विधायक संजीव सिंह समेत कई लोगों को आरोपित किया गया था। अनुसंधान के दौरान ही पुलिस ने सभी शूटरों को पकड़ा और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।