झरिया थाना पुलिस ने देर रात होटल में की छापेमारी, अवैध शराब बरामद
झरिया थाना क्षेत्र के होटलों और ढाबों में देर रात तक अवैध शराब की बिक्री होती है। असामाजिक तत्व होटलों ढाबों में शराब का सेवन करते हैं। शुक्रवार की देर रात सूचना पाकर झरिया थाना की पुलिस ने धनबाद- झरिया सड़क के किनारे भगतडीह स्थित एक होटल में छापामारी की।

जासं, झरिया: झरिया थाना क्षेत्र के होटलों और ढाबों में देर रात तक अवैध शराब की बिक्री होती है। असामाजिक तत्व होटलों, ढाबों में शराब का सेवन करते हैं। शुक्रवार की देर रात सूचना पाकर झरिया थाना की पुलिस ने धनबाद- झरिया सड़क के किनारे भगतडीह स्थित एक होटल में छापामारी की। पुलिस की छापामारी से होटल में शराब पी रहे असामाजिक तत्वों में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। अंधेरे का फायदा उठाकर होटल संचालक और कर्मचारी भी भाग गए। छापामारी का नेतृत्व कर रहे झरिया थाना के प्रभारी पीके झा ने मौके से विदेशी ब्रांड के कई शराब की बोतलें बरामद किए।
पुलिस होटल के बाहर खड़े कई वाहनों को भी जब्त कर झरिया थाना ले आई। झरिया थाना प्रभारी पंकज झा ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि भगतडीह स्थित के कई होटल देर रात तक खुले रहते हैं। बाहर से असामाजिक तत्व आकर यहां शराब पीते हैं। हंगामा भी होता है। इसके बाद होटल में छापामारी की गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि छानबीन जारी है दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। झरिया के होटलों और ढाबों में अवैध शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। छापामारी में थाना प्रभारी पंकज झा के अलावा जमादार, विक्रम उरांव, संजय कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद झरिया के होटल और ढाबा में अवैध रूप से शराब बेचने वाले संचालकों में हड़कंप मचा है।
Edited By Atul Singh