कोयला व्यवसायी से धोखाधड़ी में चितरा से तीन गिरफ्तार, जांच में आदतन आर्थिक अपराधी निकले Dhanbad News
धनबाद के सराय ढेला निवासी त्रिकुटा इंटरप्राइजेज के ऑनर धीरज राय ने चितरा थाना में सिन्हा बंधुओं के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद के व्यवसायी धीरज राय का कोयला बेचकर लाखों रुपये हड़पने वाले देवघर जिले के चितरा निवासी रोशन कुमार सिन्हा, शशिकांत सिन्हा और सत्यनारायण सिन्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस जांच में सिन्हा बंधु आदतन धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देने वाले निकले हैं।
क्या है मामलाः धनबाद के सराय ढेला निवासी त्रिकुटा इंटरप्राइजेज के ऑनर धीरज राय ने चितरा थाना में सिन्हा बंधुओं के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज मामले के अनुसार व्यवसायी राय ने जनवरी 2019 में रोशन कुमार सिन्हा, शशिकांत सिन्हा और सत्यनारायण सिन्हा को कोयला उठाव का जिम्मा दिया था। इन लोगों ने कोयला बेचने के बाद रकम नहीं दी। राय द्वारा मांगे जाने पर टरकाते रहे। इस मामले को लेकर चितरा में कई बार पंचायती भी हुई। भुगतान का आश्वासन मिला। चेक के माध्यम से कई बार भुगतान भी किया गया। लेकिन हर बार चेक बाउंस होता गया। थक हार कर राय ने सिन्हा बंधुओं के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
जांच में आर्थिक निकले आर्थिक अपराधीः पुलिस ने जब लोगों की नब्ज टटोली तो शातिर आर्थिक अपराधी होने की बातें प्रकाश में आई। बताया जाता है कि सत्यनारायण गिरजा गिरिजा खदान में सत्तू-मुड़ी एवं नाश्ता का दुकान चलाता है। जबिक रोशन सिन्हा और शशिकांत सिन्हा यहां के एक कोयला व्यवसाई के अधीन काम करते थे। कोयला उठाव का सारा नियम-कायदा सीखने के बाद खुद धंधे में कूद पड़े। नोटबंदी के दौरान पुराने नोटों को बदलने के एवज में इन लोगों ने आसनबनी के कई युवकों का लाखों रुपए हजम कर लिए। लाखों के मालिक बन बैठे। इनकी ट्रकें भी चलने लगी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि सिन्हा बंधुओं ने कई दूसरे व्यवसाइयों के भी रकम हड़पी है।