Jharia Chunav 2019 : हेलीकाप्टर देखने स्टेडियम की दीवार पर चढ़े लोग, रक्षा मंत्री ने हाथ हिलाकर किया अभिवादन
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके हेलीकाप्टर को देखने के लिए लोग स्टेडियम की 10 फिट से अधिक ऊंची चहारदीवारी पर चढ गए। रक्षा मंत्री ने सभी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 रविवार का दिन। स्थान झरिया विधानसभा क्षेत्र का जियलगोरा। यहां के जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम के बाहर मानस मंदिर मैदान में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चुनावी सभा हुई। रक्षा मंत्री पहले हेलीकाप्टर से स्टेडियम में उतरें। इसके बाद वाहन से सभा स्थल तक पहुचें। इनकी सुरक्षा के लिए स्टेडियम के चारों ओर पुलिस बल तैनात थे।
दोपहर 1: 25 बजे रक्षा मंत्री का हेलीकाप्टर स्टेडियम के ऊपर आकाश में मंडराने लगा, जिसे देखकर वहां उपस्थित सैकड़ों लोग लालायित हो गए। देश के रक्षा मंत्री और उनके हेलीकाप्टर को देखने के लिए लोग स्टेडियम की 10 फिट से अधिक ऊंची चहारदीवारी पर चढ गए। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हेलीकाप्टर से उतरते ही स्टेडियम की दीवार पर चढ़े लोगों की ओर हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया औऱ नीचे उतरने की अपील की।
इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ता व सभा में मौजूद लोग राजनाथ सिंह जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इसके बाद झरिया से भाजपा प्रत्याशी रागिनी सिंह ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को रिसीव किया व सभा स्थल के मंच तक लेकर पहुंची। फिर सुरक्षा में लगी पुलिस ने स्टेडियम की दीवार पर चढ़े लोगों को नीचे उतारा।
करीब सवा घंटे झरिया में रहें रक्षा मंत्री :
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हेलिकॉप्टर 1.30 बजे जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में लैंड हुआ।
- 1.45 बजे रक्षा मंत्री चुनावी सभा के मंच पर पहुंचे।
- 1.50 बजे तक रक्षा मंत्री का मंच पर स्वागत हुआ।
- 2.05 बजे रक्षा मंत्री ने भाषण की शुरुआत की।
- 2.25 बजे भाषण समाप्त कर मंच से उतरे।
- 2.30 तक मंच के नीचे वरीय पदाधिकारियों से बात की।
- 2. 45 बजे हेलीकाप्टर से गंतव्य की ओर रवाना हुए।