झारखंड सरकार ने रेल यात्रियों को दिया बड़ा झटका; अब पटना-रांची जनशताब्दी 13 से नहीं आएगी रांची
\पटना-रांची जनशताब्दी को 13 जुलाई से रांची नहीं आएगी। यह पटना से गया तक ही चलेगी। इसके साथ ही दानापुर टाटानगर एक्सप्रेस भी 13 से अगले आदेश तक रद रहेगी।
धनबाद, जेएनएन। बिहार में कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए पश्चिम बंगाल के बाद अब झारखंड सरकार ने भी ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इससे बिहार जाने वाले रेल यात्रियों को एक बड़ा झटका लगा है। पटना-रांची जनशताब्दी को 13 जुलाई से रांची नहीं आएगी। यह पटना से गया तक ही चलेगी। इसके साथ ही दानापुर टाटानगर एक्सप्रेस भी 13 से अगले आदेश तक रद रहेगी।
नई व्यवस्था के तहत 13 जुलाई से 02365/02366 पटना-रांची जनशताब्दी स्पेशल ट्रेन सिर्फ पटना और गया के बीच चलेगी। गया और रांची के बीच इसका परिचालन रद रहेगा। इसी तरह दानापुर से चलकर टाटा जाने वाली 08183/08184 दानापुर-टाटा स्पेशल ट्रेन स्थायी तौर पर रद रहेगी।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार के अनुरोध पर ट्रेनों का परिचालन रोका गया है। इससे पहले बोकारो, गोमो, पारसनाथ और कोडरमा में भी कई स्पेशल ट्रेनों का ठहराव चार जून से बंद कर दिया गया था। कोरोना के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम को लेकर एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
पटना की एकलौती ट्रेन भी छिन गयी : रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के बंद हो जाने से पटना जाने वाली इकलौती ट्रेन भी छिन गई। अब जरूरी काम पर भी पटना के लिए दूसरे विकल्प तलाशने होंगे।