रघुनाथपुर पैक्स में बाहर पड़ा धान, किसान कर रहे रखवाली
संस बलियापुर रघुनाथपुर पैक्स धान अधिप्राप्ति केंद्र में धान की बोरियां रखने के लिए जगह नही
संस, बलियापुर : रघुनाथपुर पैक्स धान अधिप्राप्ति केंद्र में धान की बोरियां रखने के लिए जगह नहीं होने के कारण धान लेकर पैक्स पहुंच रहे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र से धान का उठाव नहीं होने के कारण पैक्स प्रबंधक भी अब किसानों से धान लेने में हाथ खड़े कर दिए हैं। धान की बोरियां लेकर पहुंचे किसान पैक्स परिसर में खुद से उसकी रखवाली करने के लिए खुले आसमान में रात जागकर करने को विवश हैं। गुरुवार व शुक्रवार को क्षेत्र के बाघमारा, धड़बड़, बीरसिंहपुर, सुवरिया, परसबनिया आदि गांवों के करीब दो दर्जन किसान धान की बोरियां लेकर पैक्स पहुंचे। गोदाम भर जाने के कारण सभी किसानों ने अपने धान की बोरियां पैक्स के बाहर रख रात में उसकी रखवाली करने में लगे हैं। धान अधिप्राप्ति केंद्र में इस तरह की अव्यवस्था से किसानों में विभाग के प्रति काफी रोष है। पैक्स प्रबंधक सुबल चंद्र महतो ने बताया कि दो दिनों में करीब दो दर्जन किसान लगभग एक हजार धान की बोरियां बिक्री के लिए पैक्स लाए, लेकिन रखने की समस्या को लेकर उसका क्रय नहीं कर सके। इस संबंध में धनबाद के जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भी जानकारी देकर अविलंब धान के बोरियों का उठाव कराने की मांग की है। पैक्स में विभाग की ओर से कोई सुरक्षा व्यवस्था भी है। इस कारण किसान परेशान हैं। दूसरी ओर 31 मार्च तक धान अधिप्राप्ति केंद्र में धान खरीद की अंतिम तिथि निर्धारित है। किसानों ने इसकी तिथि बढ़ाने की मांग प्रशासन से की है।