IIT (ISM) : ऑनलाइन सावन उत्सव में मचेगा धमाल, डांस-गेम्स व मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन Dhanbad News
दीप्ति लेडीज क्लब की सदस्यों ने शुक्रवार को हरियाली तीज मनाया। कोविड संक्रमण के कारण कुछ सदस्य ही शामिल हुईं। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सभी ने सावन के झूलों का लुत्फ उठाया।
धनबाद, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के बीच बाहर निकलना संभव नहीं है। ऐसे में त्योहार मनाने के तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि सावन के उमंग ऑनलाइन भी दिखेगी। आइआइटी आइएसएम की दीप्ति लेडिज क्लब की ओर से शनिवार को ऑनलाइन सावन उत्सव मनाया जाएगा। सभी कार्यक्रम गूगल मीट पर होंगे। डांस, गेम्स और मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता होगी। सावन क्वीन समेत अन्य टाइटल से भी विजेताओं को नवाजा जाएगा।
क्लब की सदस्य और कार्यक्रम की समन्वयक निलाशी गुप्ता ने बताया शनिवार को शाम 4 बजे यह आयोजन होगा। इसमें क्लब की लगभग 60 सदस्य शामिल होंगी। कार्यक्रम का ड्रेस कोड भी पहले की तरह ही ग्रीन होगा, जैसा हम लोग हर साल करते आए हैं। कार्यक्रम का लिंक और आईडी पासवर्ड सबको भेज दिया गया है। कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए सभी अपने घर में रहते हुए सावन सेलिब्रेट करेंगी। इस कार्यक्रम में क्लब की सदस्य विधु, छवि, विदिशा, सीता, सिया और अनामिका का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
सावन के झूलों का उठाया लुत्फ : शुक्रवार को दीप्ति लेडीज क्लब की सदस्यों ने हरियाली तीज का आयोजन किया। कोविड संक्रमण को देखते हुए कुछ सदस्य ही इसमें शामिल हुईं। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सभी ने सावन के झूलों का लुत्फ उठाया। इस दौरान कई अन्य गेम्स भी हुए।