पथरगामा में खेल-खेल में कुएं में गिरे भाई-बहन, एक की मौत Godda News
गोड्डा के पथरगामा में खेलते-खेलते बुधवार को दो बच्चे कुएं में गिर गए। इनमें से एक की मृत्यु हो गई।
गोड्डा, जेएनएन। जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र की सोनारचक पंचायत अंतर्गत जमडीहा गांव में बुधवार की दोपहर करीब 1 बजे खेल-खेल में सगे भाई बहन एक कुआं में गिर गए। आसपास के लोगों ने यह देख दोनों को बचाने के लिए कुआं में छलांग लगाया और कुआं से बाहर निकाला। परिजन भी वहां दौड़े आए तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा में दोनों को भर्ती कराया। डॉक्टरों ने आठ वर्षीय बिंदी कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह वर्षीय राम कुमार को गंभीर हालत में गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया। अमडीहा के बिंदेश्वरी कुंवर की बेटी की मौत होने पर घर में मातम छा गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई बहन अमडीहा पोखर के पास दोपहर खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों कुआं में गिर गए। आसपास के लोगों ने तुरन्त ही कुआं में छलांग लगाकर दोनों को बाहर निकाला लेकिन बच्ची को बचाया नहीं जा सका वहीं बालक राम कुमार की भी स्थिती गंभीर है।
परिजनों ने बताया कि पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई। करीब 1 बजे दोनों भाई बहन को अस्पताल लाया गया, उस समय सभी स्टाफ लंच के लिए चले गए थे। सूचना देने के बाद भी काफी विलंब से डॉक्टर और स्टाफ वहां पहुंचे। इससे बिंदी कुमारी को बचाया नहीं जा सका। पथरगामा थाना की पुलिस ने अस्पताल में परिजनों का फर्द बयान लिया। पुलिस की ओर से कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।