One Nation One Ration Card: दुकानदारों की मनमानी पर लगेगी रोक, मर्जी की दुकान से ले सकेंगे राशन
One Nation One Ration Card एक देश एक राशन कार्ड की अवधारणा के बाद दुकानदारों की मनमानी पर पूरी तरह रोक लग जाएगी। किसी भी दुकान से राशन का उठाव कर सकते हैं।
बोकारो [ बीके पाण्डेय ]।अब एक देश एक राशन कार्ड हो चुका है। यदि आप झारखंड के वासी हैं और परदेश में अपने परिवार के साथ काम करने के लिए जा रहे हैं तो साथ में अपना राशन कार्ड भी लेते जाएं ताकि आपको वहां अनाज की चिंता नहीं हो। यही काम दूसरे प्रदेश के लोगों के लिए भी कि यदि आप बोकारो में काम करने के लिए आए हैं तो आप अपना राशन कार्ड साथ लाएं। झारखंड के किसी जिले के किसी दुकान से अपना राशन का उठाव करें। बोकारो में भी यह व्यवस्था लागू हो चुकी है। हालांकि यह सुविधा केवल गुलाबी राशन कार्ड व पीला राशन कार्ड धारियों को ही मिलेगी। यह सुविधा राज्य सरकार द्वारा बनाए जाने वाले राज्य कोटे के राशन कार्ड पर दूसरे प्रदेश में नहीं मिलेगी। इस सुविधा का लाभ आप अपने जिले व स्थानीय स्तर पर भी उठा सकते हैं। हालांकि वैसे लोगों का राशन कार्ड भी स्वत: रद हो जाएगा जो दो प्रदेशों में राशन कार्ड बनवाकर राशन का लाभ ले रहे थे।
कैसे मिलेगा राशन
राशन कार्डधारी राशन कार्ड व आधार कार्ड जो कि राशन कार्ड में डाला गया है उसे किसी भी राज्य व केन्द्र शासित प्रदेश की दुकान में लेकर जाएं। वहां पीओएस मशीन में राशन कार्ड नंबर व आधार नंबर डाले बायोमैट्रिक पहचान होने के साथ ही आपको संबंधित दुकानदार राशन उपलब्ध करा देगा। खास कर मौसमी रूप से दूसरे प्रदेश में जाने वाले लोगों के लिए यह वरदान साबित होने वाला है।
दुकानदारों की मनमानी पर लगेगी रोक
एक देश एक राशन कार्ड की अवधारणा के बाद दुकानदारों की मनमानी पर पूरी तरह रोक लग जाएगी। यदि आपका राशन दुकानदार आपके साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रहा है तो उसकी दुकान पर जाने की जरूरत नहीं है। किसी भी दुकान पर जाकर अनाज ले लीजिए । जो दुकानदार आपको राशन देगा उसकी दुकान का आवंटन स्वत: आपूर्ति विभाग बढ़ा देगा।
- जिलावार राशन कार्ड व कुल परिवार का विवरण
- बोकारो-- 290577--1323194
- चतरा --167821-- 881638
- देवघर ---226592---1183164
- धनबाद --420371--1846920
- दुमका --249293--1119419
- गढ़वा --248614--1174078
- गिरिडीह- 401221--2103570
- गोड्डा --233095--1094081
- गुमला -- 161880-813996
- हजारीबाग-- 10309647--1453752
- जामताड़ा --147762--705663
- खुंटी-- 98941--437529
- कोडरमा--103053--533620
- लातेहार--133588--663739
- लोहरदगा--85672--418464
- पाकुड़ --164526---763424
- पलामु --383809--1828116
- पश्चिम सिंहभूम--334606--1227423
- पूर्वी सिंहभूम---397821---1627040
- रामगढ़ --120502--568122
- रांची --459295--1954290
- साहेबगंज--195275---942358
- सरायकेला --213532---863662
- सिमडेगा--117533--543508
- कुल परिवार : 5665026--26070770
एक देश एक राशन कार्ड खाद्य सुरक्षा कानून के तहत लागू हो चुका है। बोकारो व झारखंड के लोग चाहे जहां रहे वहां राशन ले सकते हैं। सितंबर माह से योजना लागू हो चुकी है। इसका प्रचार प्रसार किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी लोग स्वयं के मर्जी की दुकान से राशन लें।
-सदात अनवार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी