पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में एक हिरासत में
पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने बिहार से संजय सिंह को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड में धनबाद के सरायढेला थाना अंतर्गत स्टील गेट पर पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या के मामले में सीआइडी और जिला पुलिस ने रविवार को बिहार के भभुआ से संजय सिंह को हिरासत में लिया है। उसे धनबाद लाकर पूछताछ की जा रही है। सोमवार की शाम को यह जानकारी सीआइडी के एडीजी अजय कुमार सिंह ने दी। संजय वही व्यक्ति है जिसके भाई रंजय सिंह की 29 जनवरी को सरायढेला क्षेत्र में ही बिग बाजार के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रंजय विधायक संजीव सिंह का करीबी था।
एडीजी के अनुसार नीरज हत्याकांड को अंजाम देने में शामिल शूटरों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ढूंढा जा रहा है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब तक जांच के सिलसिले में तीन नामजद के अलावा तीन अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। नामजदों में महंत पांडेय, गया सिंह व जैनेंद्र सिंह उर्फ पिंटू सिंह शामिल हैं। अन्य तीन लोगों में धनंजय सिंह, चुन्नू पटेल व संजय सिंह शामिल हैं। पूछताछ में अभी तक कोई विशेष जानकारी नहीं मिल पाई है।
बताया गया है कि ये सभी छह व्यक्ति विधायक संजीव सिंह के करीबी हैं। एडीजी के मुताबिक पूछताछ में संजय से पता किया जाएगा कि नीरज हत्याकांड में उसकी क्या भूमिका रही है। एक सवाल पर एडीजी ने बताया कि रंजय सिंह व नीरज सिंह हत्याकांड की जांच साथ-साथ चल रही है।