शक्ति मंदिर की 22 वीं प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठः आशीर्वाद और प्रसाद को लगी भक्तों की भीड़
मंदिर प्रबंधक ब्रजेश शास्त्री ने माता रानी के जयकारे के साथ भंडारे का शुभारंभ कराया। सर्वप्रथम स्कूली बच्चों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
धनबाद, जेएनएन। शक्ति मंदिर की 22 वीं प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठ के अवसर पर भंडारे में हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी का प्रसाद ग्रहण किया। बुधवार सुबह 11.30 बजे माता रानी की आरती के बाद नौ कन्याओं एवं एक भैरो बाबा की पूजा हुई। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने नौ कन्याओं को चुनरी, प्रसाद व उपहार देकर उनकी पूजा की। इसके बाद ब्राहमणों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रबंधक ब्रजेश शास्त्री ने माता रानी के जयकारे के साथ भंडारे का शुभारंभ कराया। सर्वप्रथम स्कूली बच्चों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। फिर श्रद्धालुओं ने साथ में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। शाम छह बजे तक 15 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा का प्रसाद पाने के लिए मंदिर के बाहर लंबी लाइन लगी थी। लोगों को प्रसाद खिलाने के लिए शक्ति मंदिर भगवती जागरण कमेटी के पदाधिकारी, मंदिर कर्मी और शक्ति सेवा दल के सदस्य लगे हुए थे।
वर्षगांठ महोत्सव सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र अरोड़ा ने तमाम भक्तों, सेवादार, मीडिया, पुलिस आदि के प्रति आभार जताया। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एसपी सोंधी, सचिव अरुण भंडारी, संयुक्त सचिव सह आयोजन अध्यक्ष सुरेंद्र अरोड़ा, कोषाध्यक्ष विपिन अरोड़ा, सुरेंद्र ठक्कर, संरक्षक इंद्र मोहन मेनन, कार्यकारिणी सदस्य अनिल दत्त बाली, राकेश आनंद, अशोक भसीन के अलावा मंदिर प्रबंधक ब्रजेश मिश्रा, गौरव अरोड़ा आदि का योगदान रहा।