अब रात में भी मिलेगी Coronavirus Vaccine, धनबाद सदर अस्पताल में 24 घंटे टीकाकरण की व्यवस्था
धनबाद सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ राजकुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे टीकाकरण केंद्र खुलने के बाद वैसे लोगो को राहत मिलेगी जिनके पास दिन में पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था। दिसंबर 2021 तक 20 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोरोना टीकाकरण की रफ्तार तेज करने के लिए अब 24 घंटे धनबाद सदर अस्पताल में टीका लगाने की व्यवस्था की गई है। मुख्यालय रांची के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ श्याम किशोर कांत ने अस्पताल का निरीक्षण करके स्थल का जायजा लिया है। जिले में यह अब तक का पहला ऐसा टीकाकरण केंद्र होगा। जहां पर रात अथवा दिन कभी भी लाभ उठाकर कोरोना रोधी वैक्सीन लगवा सकते हैं।
30 अक्टूबर को धनबाद जिले के निम्न केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिदिन संध्या 06:00 बजे से ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग हेतु सुविधा उपलब्ध रहती है। pic.twitter.com/pYeEh5Tvui— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) October 29, 2021
तीन पालियों में काम करेगी टीकाकरण की टीम
24 घंटे सातों दिन टीकाकरण केंद्र चलाने के लिए यहां पर पर्याप्त मात्रा में नर्स और पारा मेडिकल कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। टीकाकरण की टीम यहां 3 पालियों में तैनात रहेगी। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक, शाम 4 बजे से रात की 12 बजे तक, रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक लगातार टीकाकरण चलाया जाएगा। इसके लिए अलग से टीकाकरण केंद्र के बाहर सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे। रात के वक्त यहां पर सिर्फ सुरक्षाकर्मी रहेंगे।
सदर अस्पताल में हर दिन हो रहे हैं 400 लाभुकों का टीकाकरण
सदर अस्पताल में फिलहाल प्रतिदिन 400 लाभुकों को टीका लगाया जा रहा है। जिले में टीकाकरण में सदर अस्पताल का सबसे अव्वल स्थान है। अस्पताल के प्रभारी डॉ राजकुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे टीकाकरण केंद्र खुलने के बाद वैसे लोगो को राहत मिलेगी, जिनके पास दिन में पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2021 तक यह कोशिश की जा रही है कि लक्ष्य के अनुसार 20 लाख लोगों को वैक्सीन से जोड़ा जाए। दूसरे डोज के लिए मार्च 2022 तक का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह तक टीकाकरण केंद्र पूरी तरह से शुरू कर दिए जाएंगे।