Corona Vaccination: 1 मार्च को आएगा कोविन एप का 0.2 वर्जन, आज और कल नहीं होगा रजिस्ट्रेशन
Corona Vaccination के लिए रजिस्ट्रेशन का काम अगले 2 दिन तक धनबाद में बंद रहेगा। कोविन एप वर्जन में बदलाव हो रहा है। इस कारण ऐप काम नहीं करेगा। ऐप के माध्यम से ही रजिस्ट्रेशन होता है। 1 मार्च धनबाद समेत पूरे देश में रजिस्ट्रेशन होगा।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद सहित तमाम जिलों में आज से 2 दिनों तक कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय कोविन एप के वर्जन में बदलाव कर रहा है। 1 मार्च से कोविन एप 0.2 वर्जन आ जाएगा। इसे लेकर धनबाद में 27 और 28 फरवरी को किसी भी प्रकार का नया रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। इसके साथ ही किसी भी केंद्र पर टीकाकरण भी नहीं होगा। पहले और दूसरे चरण के तहत धनबाद में 25000 लाभुकों का रजिस्ट्रेशन कराया गया था। इसमें डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ पुलिस प्रशासन अर्धसैनिक बलों को टीकाकरण के लिए जोड़ा गया है। तीसरे चरण में अब 50 वर्ष से अधिक लोगों को टीकाकरण से जोड़ा जाएगा।
दूसरे डोज की शत-प्रतिशत उपलब्धि पर जोर
इसमें कोरोना वैक्सीन टीकाकरण में धनबाद पूरे राज्य में अव्वल स्थान पर है। पहले चरण के तहत धनबाद में 92 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन लिया है। वही दूसरे चरण में शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है। इसके लिए सिविल सर्जन डॉक्टर गोपाल दास ने सब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया है। पहला डोज देने के बाद दूसरा डोज 28 दिन के बाद देना अनिवार्य है, तभी टीकाकरण को पूर्ण माना जाएगा।
वैक्सीन लेने के 45 दिनों तक नहीं करना है अल्कोहल का सेवन
जिला टीकाकरण पदाधिकारी डॉ विकास राणा ने बताया कि कोरोना वैक्सीन लेने के बाद 45 दिनों तक कम से कम किसी भी प्रकार से अल्कोहल का सेवन नहीं करना है। अल्कोहल के सेवन करने से इसका प्रभाव निष्क्रिय हो सकता है। इसके लिए गाइडलाइन निर्धारित की गई है। टीका देने से पहले लोगों के लिए अलग से काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि टीका के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी उपलब्ध कराया जा सके। 1 मार्च से कोविन एप का नया वर्जन आ जाएगा।