आद्रा रेलवे के सेक्शन इंजीनियर पहुंचे भागा, अनशन जारी
पूर्व पार्षद का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी आद्रा रेलवे के सेक्शन इंजीनियर पहुंचे
आद्रा रेलवे के सेक्शन इंजीनियर पहुंचे भागा, अनशन जारी
जामाडोबा : रेलवे आद्रा डिवीजन अंतर्गत भागा क्रासिंग के पास ओवरब्रिज निर्माण के लिए लगभग डेढ़ वर्ष से बंद फूसबंगला-जामाडोबा सड़क को खोलने की मांग पर पूर्व पार्षद मनोज साव का आमरण अनशन क्रासिंग के पास चौथे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को आद्रा डिवीजन के सेक्शन इंजीनियर एके मुखोपाध्याय मौके पर पहुंचे। पूर्व पार्षद से आमरण अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। हालांकि वे अड़े रहे। मनोज का कहना था कि सड़क जल्द खोली जाएगी, इसका लिखित आश्वासन दिया जाए। सेक्शन इंजीनियर ने कहा कि वरीय अधिकारियों से वार्ता कर निर्णय भेजा जाएगा।
पूर्व पार्षद के स्वास्थ्य की जांच करने चासनाला अस्पताल के डा. मिहिर कुमार पहुंचे। डा. मिहिर ने मनोज के स्वास्थ्य के जांच की। कहा कि उनके शरीर का तापमान कम हो रहा है। उन्हें ग्लूकोज की जरूरत है। मनोज ने उनकी एक नहीं सुनी। उनके समर्थन में उषा देवी, कुंती देवी, प्रतिमा देवी, किरण देवी, आशा देवी, जयंती देवी आदि थीं।
आजसू ने दी जोरदार आंदोलन करने की चेतावनी :
आजसू के केंद्रीय सदस्य वीरेंद्र निषाद भी आमरण अनशन स्थल पहुंचे। जिला प्रशासन व रेलवे को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि 24 घंटे के अंदर मामले का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। मनोज का हालचाल लेने के लिए भाजपा के अखिलेश सिंह उमेश यादव, अभिषेक पांडेय भी पहुंचे। जिला व रेल प्रशासन से सड़क खोलकर जल्द आमरण अनशन समाप्त कराने की मांग की है।