वाहन चेकिंग में 40 किलो गांजा बरामद, अंधेरे में भाग निकले तस्कर Dhanbad News
गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद निरसा पुलिस ने वाहन जांच की। चालक व उसमें सवार दो अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस के हाथ लगे 40 किलो गांजा।
निरसा, जेएनएन। एसएसपी किशोर कौशल के निर्देश पर एसडीपीओ विजय कुशवाहा के नेतृत्व में निरसा पुलिस ने शनिवार की रात वाहन जांच के दौरान एक वाहन से 40 किलो गांजा बरामद की। जब्त गांजा पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर मुक्तिपुर के चिरंजीत घोष की है।
निरसा थाना में एसडीपीओ विजय कुशवाहा ने पत्रकारों को बताया कि निरसा थाना के समक्ष शनिवार की रात वाहन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में टावेरा वाहन संख्या डब्ल्यूबी 68 सी 5652 पश्चिम बंगाल से धनबाद की ओर जा रहा था। उक्त वाहन को पुलिस कर्मियों ने रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देख चालक वाहन लेकर भगाने लगा। तभी पुलिस ने पीछा कर देवियाना मोड़ के समीप वाहन को पकड़ लिया। इस दौरान वाहन चालक व उसमें सवार दो अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने जब वाहन की जांच की तो गाड़ी से छह पैकेट गांजा बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के गांजा तस्कर चिरंजीत घोष व इस धंधे में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए बंगाल पुलिस से संपर्क किया गया है। जल्द गांजा तस्कर पुलिस गिरफ्त में होंगे। वाहन जांच अभियान में निरसा थाना प्रभारी उमेश प्रसाद ङ्क्षसह, एसआई संतोष कुमार, एएसआई वीर अभिमन्यु, रणधीर कुमार एवं सशस्त्र बल शामिल थे।