काठ पुल की उम्र हो गई अधिक, हिल कॉलोनी और ओल्ड स्टेशन जोड़ने को बनेगा नया ओवरब्रिज
रेलवे के गैंगमैन के लिए 88 यूनिट नये टाइप-वन रेल आवासों का निर्माण होगा। नये आवास रेल मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर बनेंगे।
धनबाद, जेएनएन। शहर के हिल कॉलोनी को ओल्ड स्टेशन से जोडऩे के लिए नये फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा। इस पुल के निर्माण में तकरीबन दो करोड़ 75 लाख की लागत आएगी। इसमें से एक करोड़ 43 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। अगले दो सालों में ओवरब्रिज के बनकर तैयार होने का अनुमान है। इस पुल के निर्माण के साथ ही सौ साल से अधिक पुराने काठ पुल का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
100 यूनिट जर्जर क्वार्टर के मेंटेनेंस के लिए खर्च होंगे 5.30 करोड़, मिले 15 लाखः जर्जर रेल आवासों पर महकमे की नजर-ए-इनायत हो गई है। धनबाद के सौ रेल आवासों की सूरत बदलेगी। तकरीबन पांच करोड़ 30 लाख की लागत वाली इस योजना के कार्यान्वयन के लिए बजट में 15 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
रेल कॉलोनियों की जलापूर्ति और सिवरेज सिस्टम होंगे दुरुस्तः रेल आवासों के मेंटेनेंस के साथ-साथ कॉलोनियों की सूरत भी बदलेगी। जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सिवरेज सिस्टम व्यवस्थित होगा। रेल कॉलोनियों को संवारने के लिए तीन करोड़ 25 लाख लाख रुपये खर्च होंगे। इस स्वीकृत रकम में से पहले चरण में धनबाद मंडल को 86 लाख रुपये मिले हैं।
धनबाद में बनेंगे 50 यूनिट नये कर्मचारी आवासः धनबाद में तकरीबन चार करोड़ की लागत से 50 यूनिट नये रेल आवासों का निर्माण होगा। बजट में इस योजना पर मुहर लगी है। हालांकि स्वीकृत राशि की तुलना में फिलहाल सिर्फ एक लाख रुपये ही मिले हैं। महकमे का मानना है राशि कम मिलने से निर्माण कार्य में विलंब हो सकता है।
रेल मंडल के अलग-अलग जगहों पर बनेंगे 88 यूनिट टाइप-वन आवासः रेलवे के गैंगमैन के लिए 88 यूनिट नये टाइप-वन रेल आवासों का निर्माण होगा। नये आवास रेल मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर बनेंगे। इसकी लागत लगभग तीन करोड़ 62 लाख होगी। इस योजना में भी फिलहाल सिर्फ एक लाख का ही आवंटन हुआ है।