Move to Jagran APP

रंजय देखता था मुन्ना बजरंगी के कोयले का कारोबार, उसकी हत्या का बदला था नीरज हत्याकांड: Dhanbad News

शूटर रिंकू सिंह ने पुलिस को बताया है कि नीरज की हत्या के लिए पंकज सिंह ने 50 लाख की सुपारी दी थी। हालांकि काम होने के बाद रकम नहीं दी गई।

By mritunjayEdited By: Published: Tue, 18 Jun 2019 10:16 AM (IST)Updated: Tue, 18 Jun 2019 10:16 AM (IST)
रंजय देखता था मुन्ना बजरंगी के कोयले का कारोबार, उसकी हत्या का बदला था नीरज हत्याकांड: Dhanbad News

धनबाद, जेएनएन। पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या में अप्राथमिक आरोपित माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी के शॉर्प शूटर रिंकू सिंह ने सरायढेला पुलिस के समक्ष सनसनीखेज खुलासा किया है। उसने बताया है कि झरिया के विधायक संजीव सिंह के खासमखास रंजय सिंह की हत्या का बदला था नीरज सिंह हत्याकांड। रंजय यूपी के कुख्यात शूटर मुन्ना बजरंगी (अब दिवंगत) के कोयले का कारोबार देखता था। उसकी हत्या के बाद मु्न्ना बजरंगी को खुश करने के लिए नीरज सिंह की हत्या की गई।

loksabha election banner

50 लाख में तय था साैदा, नीरज की हत्या के बाद नहीं हुआ भुगतानः शूटर रिंकू सिंह ने पुलिस को बताया है कि नीरज की हत्या के लिए पंकज सिंह ने 50 लाख की सुपारी दी थी। हालांकि काम होने के बाद रकम नहीं दी गई। उसने बताया कि धनबाद में संजीव सिंह के खास आदमी रंजय सिंह की हत्या के बाद रोहित सिंह ऊर्फ  सतीश मिर्जापुर जेल आकर उससे मिला था। बताया था कि धनबाद में मुन्ना बजरंगी के नजदीकी रंजय सिंह की हत्या की गई है। उसका बदला लेना है। आप आदमी उपलब्ध करा देंगे तो मुन्ना बजरंगी आपको फिर से गिरोह में शामिल कर लेंगे। दरअसल बनारस के एक व्यक्ति की हत्या के कारण मुन्ना बजरंगी उससे नाराज था। उसने बताया है कि विधायक संजीव सिंह का खास रंजय सिंह तथा पंकज यूपी के डॉन मुन्ना बजरंगी के लिए काम करता था। रोहित ने पंकज सिंह से भी मोबाइल पर बात कराई थी। पंकज ने नीरज की हत्या के लिए 50 लाख रुपये देने की बात कही थी। जो घटना के बाद नहीं दिए। सोमवार को दो दिनों की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सरायढेला पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच ङ्क्षरकू को कोर्ट में लाई थी। बाद में उसे पुन: न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

रंजय व पंकज देखते थे मुन्ना का कोयला कारोबार : रिंकू ने पुलिस को बताया कि विधायक संजीव सिंह के खास रंजय सिंह व पंकज धनबाद में मुन्ना बजरंगी का कोयला कारोबार देखते थे। धनबाद से बनारस की मंडी तक जो कोयला जाता था उसकी देखरेख की जिम्मेदारी रंजय व पंकज के जिम्मे थी। मुन्ना बजरंगी ने धनबाद में कोयला कारोबार में 15 से 20 करोड़ रुपये लगाए थे। 29 जनवरी 2017 को धनबाद के सरायढेला में बिग बाजार के सामने गोली मार रंजय सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नीरज सिंह के माैसेर भाई हर्ष सिंह जेल में बंद हैं।

मुन्ना बजरंगी का विश्वासी बनने को रिंकू ने भेजे थे शूटरः डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या में शूटर मुहैया कराने वाले रिंकू ने बताया है कि वह मुन्ना बजरंगी गिरोह का सक्रिय सदस्य था। बनारस का राजेश चौधरी भी मुन्ना बजरंगी के लिए काम करता था। उसकी 9 अगस्त 2014 को हत्या हो गई थी। इस हत्याकांड के बाद पुलिस मुठभेड़ में 16 अगस्त को वह पकड़ा गया। इस हत्या का उस पर आरोप लगा। तबसे वह लगातार जेल में बंद था। राजेश की हत्या के कारण मुन्ना बजरंगी उससे नाराज था। इस  कारण उसे गिरोह से अलग कर दिया गया था।

गिरोह में फिर शामिल होने के लिए मुहैया कराए शूटर :  विधायक के करीबी पंकज ने रिंकू को दोबारा मुन्ना बजरंगी के साथ काम करने का ऑफर दिया था। पंकज ने कहा था कि मुन्ना बजरंगी के खास रंजय की हत्या धनबाद में हो गई है। उसका बदला लेने पर मुन्ना बजरंगी दोबारा तुमको गिरोह में शामिल कर लेगा। पंकज के आश्वासन पर रिंकू नीरज की हत्या के लिए शूटर भेजने के लिए तैयार हो गया था। रिंकू ने अपने नजदीकी अमन सिंह से रोहित की बात भी कराई थी। अमन को भी रोहित का मोबाइल नंबर भी दिया था। अमन सिंह को पंकज का काम करने के लिए कहा था। मालूम हो कि रिंकू सिंह 14 मई 2010 को लूट के एक केस में बनारस जेल गया था। 8 जून 12 को नैनी जेल से वह निकला था। 16 अगस्त को तीन व्यक्तियों की हत्या करने के आरोप में वह दोबारा जेल गया जिसमें उसे जमानत मिली है। वर्ष 2016 से वह लगातार जेल में है। रिंंकू अविवाहित है। उसके चार भाई हैं।

मुन्ना बजरंगी देता था हथियार : रिंकू ने पुलिस को बताया कि मुन्ना बजरंगी किसी भी व्यक्ति की हत्या के लिए खुद अपने लोगों को हथियार मुहैया कराता था। घटना के बाद हथियार वापस ले लेता था। वह अत्याधुनिक विदेशी पिस्टल मुहैया कराता था।

हत्या के बाद पंकज और अमन ने दी थी जानकारी : रिंकू का कहना है कि धनबाद आने से पूर्व अमन सिंह ने उससे संपर्क किया था। 20 मार्च 2017 को अमन बनारस होते हुए धनबाद आया था। नीरज सिंह की हत्या के तत्काल बाद अमन सिंह व पंकज सिंह ने उसे मोबाइल पर घटना की जानकारी दी थी। जिस नंबर से वह बात करता था वह मुलाकात के दौरान मिर्जापुर जेल में ही मिला था।

दो वर्ष बाद लाया गया धनबाद :  21 मार्च 2017 को सरायढेला में नीरज सिंह और उनके तीन सहयोगियों को गोलियों से भून दिया गया था। नीरज सिंह हत्याकांड में रिंकू को दो वर्ष बाद धनबाद रिमांड पर लाया गया है। 12 जून  को रिंकू को लेकर यूपी पुलिस धनबाद पहुंची थी। 13 जून को सुबह धनबाद पुलिस ने उसे कोर्ट मे पेश किया था।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.