खेल में आगे बढ़ रही नक्सल प्रभावित टुंडी क्षेत्र की किशोरियां
धनबाद नक्सल प्रभावित क्षेत्र टुंडी की फिजा अब धीरे-धीरे बदल रही है। नक्सलियों का खौफ कम हु
धनबाद : नक्सल प्रभावित क्षेत्र टुंडी की फिजा अब धीरे-धीरे बदल रही है। नक्सलियों का खौफ कम हुआ तो यहां के किशोर किशोरियां शिक्षा से लेकर खेल तक में अपना जौहर दिखा रही हैं। बालिका खेल पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यही कारण है कि झारखंड महिला विकास समिति झारखंड सरकार की ओर से टुंडी में चल रहे तेजस्विनी परियोजना में बढ़-चढ़कर किशोरियां और युवतियां शामिल हो रही हैं। इसका उद्देश्य 14 से 24 आयुवर्ग के किशोरियों व युवतियों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त करना है। इसी को लेकर एक दिवसीय तेजस्विनी क्लब स्तरीय फ्रेंडली फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने खेल का शुभारंभ फुटबॉल को किक मारकर किया। इसमें तेजस्विनी क्लब सिदवारी टांड़, करमाटांड़, जबरदाहा, कारीटांड़, पूर्वी टुंडी की घोसलडीह की टीम शामिल हुईं। इसमें जबरदहा की टीम विजेता बनी। उपविजेता सिदवारीटांड़ रही। विजयी टीम की ओर से कलावती हेम्ब्रम ने 2-0 से गोल दागा। कार्यक्रम में गिरिडीह लोकसभा सांसद प्रतिनिधि दिनेश राय, धर्मेंद्र सिंह, प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ. नीलम कुमारी, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष फूलचंद किस्कू, बसंत महतो, पारा शिक्षक नवीन चंद्र सिंह, रविन्द्र सिंह, श्रवण चंद्रवंशी, यादव सेन, भवानी शंकर भगत, टुंडी व पूर्वी टुंडी तेजस्विनी परियोजना के प्रखंड कोऑर्डिनेटर राकेश कुमार साव, क्षेत्र समन्वयक विकास कुमार सिंह, महेश कुमार वर्मा, विभिन्न क्लस्टर के कोऑर्डिनेटर, युवा उत्प्रेरक उपस्थित थे। क्षेत्र में लगातार किशोरियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए कई खेल का लगातार आयोजन करने की तैयारी की जा रही है। युवतियों से खेल से जुड़ने की अपील की जा रही है।