सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित कर प्रयोग करने लायक बनाया जाएगा तालाबों का पानी
धनबाद स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में छोटे-बड़े तालाबों की साफ-सफाई और संरक्षण भी शामिल है। 15वें वित्त आयोग में इसके लिए बाकायदा राशि भी जारी की गई है। तालाबों की गहराई करना संरक्षण करना तालाबों को प्रदूषित होने से रोकना और पानी का ट्रीटमेंट कर उपयोग में लाना भी इस मिशन में शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, धनबाद : स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में छोटे-बड़े तालाबों की साफ-सफाई और संरक्षण भी शामिल है। 15वें वित्त आयोग में इसके लिए बाकायदा राशि भी जारी की गई है। तालाबों की गहराई करना, संरक्षण करना, तालाबों को प्रदूषित होने से रोकना और पानी का ट्रीटमेंट कर उपयोग में लाना भी इस मिशन में शामिल हैं। धनबाद नगर निगम ने इसके लिए योजना तैयार कर ली है। शहरी क्षेत्र के 22 तालाबों का संरक्षण किया जाना है। प्रथम चरण में 10 तालाबों को व्यवस्थित करने का प्रस्ताव निगम ने नगर विकास विभाग को भेजा है। इन तालाबों को गहरा किया जाएगा। गाद यानी मिट्टी निकाली जाएगी। इतना ही नहीं, इन सभी तालाबों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा, ताकि पानी को ट्रीट कर दूसरे जरूरी कामों में लगाया जा सके। तालाब के चारों ओर ग्रीन पैच का भी निर्माण किया जाएगा। कुल मिलाकर राजेंद्र सरोवर पार्क की तरह इन तालाबों को विकसित करने की योजना बनाई गई है। बैठने के लिए बेंच, आंखों को लुभाने वाली फुलवारी और सोलर पैनल से युक्त स्ट्रीट लाइट लगेगी। यहां बता दें कि नगर निगम क्षेत्र में 84 तालाब हैं। शहर की बात करें तो कुल 22 तालाब है। इन तालाबों में लगना है सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट :
- पॉलीटेक्निक रोड का लोको टैंक तालाब।
- बिग बाजार के पास हीरक रोड का राजा तालाब।
- हीरापुर खोखन तालाब।
- मनईटांड़ छठ तालाब।
- बरमसिया छठ तालाब।
- वॉच एंड वॉच कॉलोनी पंपू तालाब।
- गुहीबांध छठ तालाब कतरास।
- सिजुआ छठ तालाब।
- रोहराबांध छठ तालाब सिदरी।
- शहरपुरा तालाब। स्वच्छ भारत मिशन में ही तालाबों का संरक्षण, सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार शामिल है। नगर विकास विभाग के पास तालाबों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भेजा गया है। इन तालाबों में एसटीपी भी लगाया जाएगा। तालाबों को पहले से अधिक गहरा भी किया जाना है। 15वें वित्त आयोग की राशि से इस पर खर्च होगा। जल्द ही काम शुरू होगा।
- सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त