Mumbai Police को साइबर अपराध का पाठ पढ़ाने वाली स्नेहा झारखंड पुलिस को बनाना चाहती विशेषज्ञ, अपनी जड़ों को सींचने पहुंचीं धनबाद
स्नेहा ने बताया है कि हाल ही झारखंड पुलिस से बातचीत हुई है। अगले माह साइबर क्राइम और अन्य आपराधिक मामलों को लेकर सेमिनार होने की संभावना है। रूहानियत फाउंडेशन से भी जुड़ी हुई हैं यह महिला सशक्तीकरण महिलाओं के कानूनी अधिकार बच्चों के अधिकार पर काम कर रहा है।
धनबाद [ आशीष सिंह ]। स्नेहा सिंह किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। मुंबई विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक और कार्डिफ विश्वविद्यालय लंदन से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद मुंबई को अपना कार्यक्षेत्र बनाया। आज के दिन आपराध, तलाक और साइबर अपराध से संबंधित कानून विशेषज्ञ के रूप में खास पहचान बनाई है। मुंबई पुलिस समेत अन्य राज्यों की पुलिस को साइबर अपराध से संबंधित कानूनी पाठ बढ़ाने के लिए समय-समय पर आख्यान देती रहती हैं। साइबर अपराध के लिए झारखंड की देशभर में बदनामी होती रहती है। ऐसे में स्नेहा झारखंड पुलिस को साइबर अपराध विशेषज्ञ के रूप में देखना चाहती है। जल्द ही सेमिनार के माध्यम से झारखंड पुलिस को साइबर अपराध से संबंधित कानूनी पक्षों का पाठ पढ़ाएगी।
स्नेहा का धनबाद से अटूट रिश्ता
ऐसा बहुत कम देखा गया है कि मुंबई जैसे कर्मस्थल में बेहतर मुकाम हासिल कर लेने के बाद अपनी मातृभूमि का ऋण उतारने के लिए युवा लौटे हों। बेकारबांध की स्नेहा सिंह ने कुछ ऐसा ही किया है। मायानगरी की चकाचौंध भी इन्हें अपनी जड़ों से दूर नहीं कर पाया। धनबाद में जन्म, परवरिश भी यहीं। कार्मल स्कूल से स्कूली शिक्षा के बाद मुंबई विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक करने वाली स्नेहा ने कार्डिफ विश्वविद्यालय लंदन से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। पिछले 15 वर्षों से मुंबई में रह रही है। आपराधिक, तलाक और साइबर अपराध विशेषज्ञ के रूप में मुकाम हासिल कर चुकी हैं। 10 वर्षों से मुंबई उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में प्रैक्टिस कर रही हैं। कई बॉलीवुड अभिनेता-अभिनेत्री और महत्वपूर्ण व्यक्तियाें का केस लड़ चुकी हैं। स्नेहा मुंबई और अन्य राज्यों के पुलिस विभाग में अक्सर साइबर अपराध पर व्याख्यान देती हैं। स्नेहा अब धनबाद, या कहें झारखंड के उन ग्रामीण इलाकों के लोगों की मदद करना चाहती हैं जहां महिलाओं पर घरेलू अत्याचार, दुष्कर्म और अन्य अत्याचार हो रहे हैं। दूर-दराज का इलाका होने के कारण इनकी आवाज नहीं सुनी जा रही। स्नेहा ऐसे छोटे-छोटे गांवों के लाेगों की निश्शुल्क मदद करना चाहती हैं।
बॉलीवुड अभिनेता-अभिनेत्रियों के लिए लड़ती कानूनी लड़ाई
स्नेहा ने बताया है कि हाल ही झारखंड पुलिस से बातचीत हुई है। अगले माह साइबर क्राइम और अन्य आपराधिक मामलों को लेकर सेमिनार होने की संभावना है। रूहानियत फाउंडेशन से भी जुड़ी हुई हैं, यह महिला सशक्तीकरण, महिलाओं के कानूनी अधिकार, बच्चों के अधिकार पर काम कर रहा है। अगला प्रोजेक्ट ओल्ड एज होम पर काम करना है। स्नेहा बाॅलीवुड अभिनेता अरबाज खान, गायक कैलाश खेर, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के साथ काम कर चुकी हैं। इतना ही नहीं टीवी कलाकार प्रत्युषा बनर्जी के मामले में उनके पुरुष मित्र राहुल राज सिंह की ओर से लड़े केस काे अंजाम तक पहुंचाया। मुंबई के बहुचर्चित जेजे अस्पताल के चिकित्सकों के हड़ताल पर मुखर होकर उच्च न्यायालय में बात रखी और निर्णायक मोड़ तक ले गईं। पिता मृत्युंजय प्रसाद सिंह और मां रेणुका सिंह को अपनी इस होनहार बेटी पर गर्व है।