पेड़ से लटका मिला कोलकर्मी का शव, हत्या की आशंका
कतरास न्यू आकाशकिनारी कोलियरी में कार्यरत 48 वर्षीय विरंची बाउरी का शव रविवार को क
कतरास: न्यू आकाशकिनारी कोलियरी में कार्यरत 48 वर्षीय विरंची बाउरी का शव रविवार को कोलमुरना जंगल में पेड़ से लटकता मिला। वह 16 जनवरी को अंबेडकर नगर चार नंबर मोहल्ला स्थित अपने आवास से निकला था। दूसरे दिन से उसकी खोजबीन हो रही थी। घटनास्थल व शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसकी हत्या कर साक्ष्य को नष्ट करने के उदेश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। उसका बड़ा पुत्र विवेकानंद बाउरी ने बताया कि 16 जनवरी की सुबह नौ बजे घर से सब्जी लाने के लिए निकले थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। खोजबीन के दौरान कोलमुरना के जंगल में शव पाए जाने की जानकारी मिली। बिरंची के पुत्र विवेकानंद के अलावा प्रसन्नजीत, उज्जवल व बहन बिजौली तथा पत्नी उर्मिला देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। उसका पैतृक गांव पुरुलिया में है। इधर थानेदार विनोद उरांव ने बताया कि इस संबंध में यूडी केस किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है।