Durga Puja 2020: आज मां सिद्धिदात्री की हो रही पूजा, श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर
रविवार को दिन के 1115 बजे से दशमी की तिथि आरंभ होगी। पुरोहित सुधीर पाठक के अनुसार महानवमी और विजयादशमी को लेकर ऋषिकेश मिथिला और बांग्ला पंचांग में अलग-अलग समय है। ऋषिकेश पंचांग के अनुसार नवमी और विजयादशमी तिथि रविवार को मनाई जाएगी।
धनबाद, जेएनएन। शारदीय नवरात्र-2020 का रविवार को 9वां दिन है। नाैवें दिन माता के सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा हो रही है। कोरोना काल के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं है। रविवार सुबह से मंदिरों और दुर्गा पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ है। रविवार 11.15 बजे तक ही नवमी की तिथि है। इसके बाद दशमी की तिथि प्रारंभ होगी। इसके मद्देनजर भक्तों का उत्साह चरम पर है। दशमी की तिथि प्रारंभ होने से पहले नवमी की पूजा करने के लिए भक्त सुबह से ही जुटे हुए हैं।
कोरोना का डर किनारे, श्रद्धालु माता के सहारे
धनबाद में नवरात्र की महाअष्टमी पर शनिवार को माता महागौरी की पूजा की गई। देवी पुराण के अनुसार नवदुर्गा का यह आठवां स्वरूप है। घरों, मंदिरों व पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की। मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं दिन के 11.27 बजे से महानवमी शुरू हो गई। रविवार को दिन के 11:15 बजे से दशमी की तिथि आरंभ होगी। पुरोहित सुधीर पाठक के अनुसार महानवमी और विजयादशमी को लेकर ऋषिकेश, मिथिला और बांग्ला पंचांग में अलग-अलग समय है। ऋषिकेश पंचांग के अनुसार नवमी और विजयादशमी तिथि रविवार को मनाई जाएगी। जयंती धारण और कलश विसर्जन उसी दिन होगी, लेकिन प्रतिमा का विसर्जन सोमवार को होगा। दूसरी तरफ मिथिला व बांग्ला पंचांग के अनुसार रविवार को महानवमी तथा सोमवार को विजयादशमी मनाई जाएगी। जयंती धारण और मूर्ति विसर्जन सोमवार को ही होगा। देवी पुराण के अनुसार श्रवणा नक्षत्र में माता दुर्गा पृथ्वीलोक से स्वर्गलोक के लिए प्रस्थान करती हैं। श्रवणा नक्षत्र शनिवार सुबह 6:44 बजे से लेकर रविवार सुबह 7:05 बजे तक ही है। इसलिए विजयादशमी रविवार को ही मनाई जाएगी। रविवार को बेटी की विदाई नहीं होती है। इसलिए सोमवार को प्रतिमाएं विसर्जित होंगी।
मंदिरों में शारीरिक दूरी बनाकर किए मां के दर्शन
शहर के भुईफोड़ मंदिर, विनोद नगर मनोकामना मंदिर व शहर के अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने शारीरिक दूरी बनाकर मांं दुर्गा के दर्शन किए। शक्ति मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन के लिए कूपन की व्यवस्था की गई है। जिस कारण श्रद्धालुओं को मांं के दर्शन में सहूलियत हुई।
मारवाड़ी पट्टी में श्री दुर्गा चालीसा पाठ पर आधारित पंडाल
पुराना बाजार स्थित मारवाड़ी पट्टी में श्री दुर्गा चालीसा पाठ पर आधारित पंडाल बनाए गए है। श्रद्धालुओं के लिए एक रास्ते से आना और दूसरे रास्ते से जाने की व्यवस्था की गई। बड़ों से अधिक बच्चों में पंडाल देखने का उत्साह दिखा।
कला संगम में नो मास्क नो एंट्री
कला संगम में इस वर्ष कला की कलाकारी नहीं दिखी। फिर भी आकर्षक पंडाल व मूर्ति बनाए गए हैं। पंडाल के मुख्य द्वार पर गणेश जी की प्रतिमा रखी गई है। तथा बैनर लगाए गए हैं नो मास्क नो एंट्री।