BJP नेता की हत्या को लेकर सियासत तेज, विधायक बोले- राज्य में कानून व्यवस्था बेपटरी Dhanbad News
धनबाद से भाजपा विधायक राज सिन्हा ने शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हेमंत सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर चुन-चुनकर हमला हो रहा है।
धनबाद, जेएनएन। शहर के मटकुरिया विकास नगर में बुधवार को दिनदहाड़े भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसे लेकर भाजपाइयों में खासा आक्रोश है। घटना की सूचना पर धनबाद से भाजपा विधायक राज सिन्हा मृतक के परिजनों से मिलने पीएमसीएच पहुंचे। इस दौरान अस्पताल परिसर में समर्थकों की भीड़ भी जुट गई। वहीं, शहर में बिगड़ते कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज सिन्हा ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर चुन-चुनकर हमला हो रहा है। राज्य में कानून व्यवस्था बेपटरी हो गई है और यहां अपराधी बेलगाम हो गए हैं।
भाजपा विधायक ने धनबाद एसएसपी अखिलेश बी वारियर के स्टडी लीव पर जाने को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा धनबाद जैसा जिला प्रभार के भरोसे चल रहा है। गौरतलब है कि धनबाद एसएसपी स्टडी लीव (अध्ययन अवकाश) पर हैं। वे अगले एक साल तक स्टडी लीव पर रहेंगे। वारियर के छुट्टी पर जाने के बाद सिटी एसपी आर रामकुमार को जिला का प्रभार मिला है।
क्या है मामला : कुस्तौर में रहने वाले जमीन कारोबारी सतीश सिंह को अज्ञात अपराधियों ने विकास नगर में गोली मार दी। सतीश को गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गए। वहीं आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने सतीश को पीएमसीएच पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि बुधवार को करीब तीन बजे सतीश सिंह एक बोलेरों से मटकुरिया मुख्य सड़क पर उतरे थे। यहां से वे पैदल मोबाइल फोन पर बात करते हुए विकास नगर की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने सतीश के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सतीश जमीन पर गिर गए और काफी खून निकलने लगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।