IRCTC: रेलवे बोर्ड ने भेजा संदेश, दिल्ली और कोलकाता की तरह धनबाद में भी दौड़ेगी मेट्रो रेल
धनबाद के लोग जब दिल्ली या कोलकाता जाते हैं तो वहां मेट्रो देखकर उनके मन में यही ख्याल आता है कि काश अपने धनबाद में भी मेट्रो रेल होती। न ट्रैफिक में फंसने का का झंझट न पेट्रोल भरने के लिए जेब पर बोझ।
जागरण संवाददाता, धनबाद: धनबाद के लोग जब दिल्ली या कोलकाता जाते हैं तो वहां मेट्रो देखकर उनके मन में यही ख्याल आता है कि काश अपने धनबाद में भी मेट्रो रेल होती। न ट्रैफिक में फंसने का का झंझट , न पेट्रोल भरने के लिए जेब पर बोझ। टिकट कटाते और मेट्रो रेल पर सवार हो जाते। फिर चंद मिनटों में अपना स्टॉपेज आ जाता। तो हम आपको बता दें कि भविष्य में कोल सिटी धनबाद में भी मेट्रो रेल चलाई जा सकती है। रेल मंत्रालय ने इसके संकेत दे दिए हैं। रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर प्रोजेक्ट सेल अविनाश ने कोयलांचल के धनबाद एरिया में मेट्रो रेल सुविधा विस्तार के लिए पत्र जारी कर दिया है।
जाने क्या है पूरा मामला
धनबाद में आबादी तेजी से बढ़ रही है। कभी 10 लाख आबादी वाला शहर अब तकरीबन 35 से 40 लाख की आबादी के करीब पहुंच चुका है। पर अब तक इस अनुपात में जन सुविधाओं का विकास और विस्तार नहीं हुआ। कुछ गिनी चुनी सड़कों को छोड़ दिया जाए तो अब भी जिले की ज्यादातर सड़कें वैसे ही हैं जैसी 25-30 साल पहले थी। लिंक रोड और फ्लाईओवर का विस्तार नहीं होने से ट्रैफिक जाम की समस्या अब लगातार बढ़ रही है। आम लोगों की इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए पूर्व पार्षद निर्मल मुखर्जी ने 19 सितंबर को केंद्र सरकार के शहरी एवं आवास मंत्रालय के प्रधान सचिव को पत्र के माध्यम से ध्यान आकृष्ट किया था। फ्लाईओवर और सड़कों के विस्तारीकरण से जुड़े सुझाव पर केंद्र सरकार के अपर सचिव जसवीर सिंह ने झारखंड सरकार के प्रधान सचिव को पत्र भी भेजा था। उन्होंने धनबाद में मेट्रो रेल चलाने की संभावना तलाशने संबंधी आदेश जारी किए थे। केंद्र से जारी पत्र के बाद यह उम्मीद जगी थी कि धनबाद में भी मेट्रो रेल चल सकती है। अब रेल मंत्रालय ने धनबाद के लाखों लोगों की उम्मीद को हकीकत में बदलने की कोशिश की है। रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर प्रोजेक्ट सेल ने पत्र जारी किया है। मेट्रो रेल सुविधा विस्तार शहरी विकास एवं आवास मंत्रालय से जुड़ा है। इसके मद्देनजर संबंधित मंत्रालय को आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला सौंप दिया गया है।
वर्जन
धनबाद को मेट्रो रेल सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी रेल मंत्रालय का पत्र मिला है। उम्मीद है इस दिशा में शीघ्र पहल होगी। राजस्व देने के मामले में धनबाद शीर्ष पर रहता है। इसलिए सुविधाओं के मामले में भी इस शहर की अनदेखी नहीं होने देंगे। आगे की कार्रवाई के लिए पत्राचार जारी रहेगा।
निर्मल मुखर्जी, पूर्व वार्ड आयुक्त