Jharkhand: सामूहिक दुष्कर्म की शिकार युवती से 6 दिन तक बोकारो पुलिस मांगती रही सबूत, एसपी के हस्तक्षेप के बाद एफआइआर
Mass Misdeed With Girl in Bokaro युवती अपने आवास के समीप टहल रही थी। अचानक बोलेरो पर सवार चार युवक वहां आ धमके। जबरन गाड़ी पर बैठाकर चंदनकियारी स्टेडियम ले गए। दुष्कर्म किया।
बोकारो, जेएनएन। Mass Misdeed With Girl in Bokaro हरला थाना इलाके के सेक्टर आठ स्थित झोपड़ी में रहने वाली 25 वर्षीय युवती के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। यह घटना बीते दो सितंबर की है। घटना के बाद पीडि़ता छह दिनों तक प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाने की चक्कर लगाती रही लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। बाद में बोकारो एसपी के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को बोकारो महिला थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोपितों में दो सगे भाई हैैं जबकि दो अन्य इन दोनों के दोस्त बताए जा रहे हैैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।
पीडि़ता द्वारा थाने में दिए आवेदन के मुताबिक वह बीते दो सितंबर की रात नौ बजे अपने आवास के समीप टहल रही थी कि अचानक बोलेरो पर सवार चार युवक वहां आ धमके। इसके बाद जबरन गाड़ी पर बैठाकर उसे चंदनकियारी स्टेडियम लेते गए। जहां चारों ने बारी-बारी कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इन चारों में एक का नाम देवेंद्र है जबकि दूसरा उसका भाई शामिल है जबकि दो अन्य इनके दोस्त हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद पीडि़ता को उसके हाल पर छोड़कर सभी वहां से भाग निकला। अचेत हुई युवती किसी तरह अपने को संभालते हुए पैदल ही बोकारो थाने पहुंची तथा अपने साथ हुए दुष्कर्म की जानकारी पुलिसवालों को दी लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। साथ ही प्राथमिकी दर्ज करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद वह कई दिनों तक प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर चास से लेकर बोकारो महिला थाने तक की चक्कर काटती रही। इस दौरान पुलिस वाले उस पर संदेह जताते हुए दुष्कर्म की सबूत मांगने लगे। इसके बाद वह एक एनजीओ(स्वयंसेवी संस्था) संचालिका के साथ थाने पहुंची लेकिन उसकी वहां एक नहीं सुनी गई। जब वह इस मामले को लेकर एसपी से मिली तब यहां से प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया गया।
महिला की शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच शुरू कर दी है। बाकी आरोप निराधार है।
-आरआर चौधरी, महिला थाना प्रभारी