पानी-बिजली को सड़क पर उतरा मार्क्सवादी युवा मोर्चा, कहा- गंदा पानी पीने को विवश हैं लोग Dhanbad News
झमाडा कर्मियों की हड़ताल से सप्ताह भर से पेयजल आपूर्ति बाधित है। इसके कारण लोग गंदा पानी पीने को विवश हैं। वहीं बार-बार बिजली कटने से लोगों को भारी फजिहत झेलनी पड़ रही है।
धनबाद, जेएनएन। जिले में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को मार्क्सवादी युवा मोर्चा ने रणधीर वर्मा चौक पर धरना दिया। साथ ही उपायुक्त से समस्याओं के निराकरण की मांग की। इस धरना प्रदर्शन का नेतृत्व मार्क्सवादी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन महतो ने किया।
मासस जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद पप्पू ने कहा कि जिले में पानी, बिजली की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। शहर के कई क्षेत्रों में सप्ताह भर से पेयजल आपूर्ति बाधित है। झमाडा कर्मियों की हड़ताल के बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। लोग गंदा पानी पीकर प्यास बुझाने को विवश हैं। राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास न 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था, वह भी सपना साबित हो रहा है।
पवन ने कहा कि बलियापुर में बेरोजगार युवाओं के लिए हर्ल कंपनी का कैंप बेमानी साबित हुआ। इस विरोध प्रदर्शन में राणा चट्टराज, मणिलाल महतो, धर्म बाउरी, मंटू महतो, चंदन महतो, आनंद प्रमाणिक, उमेश महतो, छोटू भैया, राजेश प्रमाणिक, रोहित, गणेश महतो, श्याम सुंदर महतो, किशोर महतो, राजेश महतो, कालीचरण महतो समेत अन्य शामिल थे।