BJP Office : उद्घाटन के बाद ही विवादों में आया भाजपा के नए जिला कार्यालय का समारोह, मंडल अध्यक्ष ने लगाए आरोप Dhanbad News
भाजपा में मंडल अध्यक्षों की भूमिका चुनाव से लेकर सांगठनिक अभियानों में प्राथमिक स्तर का होता है। बावजूद इसके जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह से मंडल अध्यक्षों को दूर रखा गया।
धनबाद, जेएनएन। BJP Office Dhanbad भाजपा के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन समारोह समाप्त होते ही विवादों में आ चुका है। दरअसल पार्टी के मंडल अध्यक्षों को इस बात का मलाल है कि इतने बड़े कार्यक्रम में उन्हें पूछा तक नहीं गया है। वह भी तब जबकि अब तक के हर कार्यक्रम में मंडल को पार्टी की प्राथमिक इकाई या यूं कहें कि आधार का दर्जा हासिल है। मंडल अध्यक्षों की भूमिका भाजपा में चुनाव से लेकर हर तरह के सांगठनिक अभियानों में प्राथमिक स्तर का होता रहा है। बावजूद इसके ऐसे समारोह में जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्रदेश व जिला के सभी नेता जुड़े थे मंडल अध्यक्षों को दूर रखा गया। अब वे इसकी शिकायत करने की योजना बना रहे हैं।
दूसरी तरफ पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि लॉकडाउन में भीड़भाड़ से बचने को कहा गया था। प्रदेश कार्यालय से ही निर्देश आया था कि किसे बुलाना है किसे नहीं। गौरतलब है कि धनबाद-बलियापुर रोड के किनारे भाजपा का नया कार्यालय बना है। करोड़ों की लागत से बने इस भव्य कार्यालय का मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस माैके पर धनबाद के सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा, विधायक अपर्णा सेनगुप्ता और विधायक इंद्रजीत महतो मुख्य रूप से उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह में धनबाद जिला महानगर के प्रभारी अभय सिंह, ग्रामीण भाजपा के प्रभारी मनोज महतो वाजपेयी भी उपस्थित थे।
दुख इस बात का है कि जिस मंडल में नया जिला कार्यालय पड़ता है और जिस मंडल में पुराना जिला कार्यालय पड़ता था, उनके अध्यक्षों को भी समारोह में नहीं बुलाया गया। -निर्मल प्रधान, मंडल अध्यक्ष, धनबाद सदर।
25 से 35 लोगों में वे जिन्होंने पार्टी कार्य में जीवन खपा दिया और संघ के अनुषंगी संगठनों के पदाधिकारियों को भी सम्मानित अतिथि के तौर पर बैठाना था। शेष सभी प्रसाद खाने के लिए बुलाए गए थे। मंडल अध्यक्षों को भाजपा में दरकिनार किया ही नहीं जा सकता। -चंद्रशेखर सिंह, महानगर अध्यक्ष, धनबाद।