मनईटांड़ के रैयतों ने देवप्रभा के डंपर को खदेड़ा
धनबाद देवप्रभा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से रैयतों की भूमि पर मलबा डंप करने का आरोप लगा बुधवार को रैयतों ने तगड़ा विरोध किया।
धनबाद : देवप्रभा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से रैयतों की भूमि पर मलबा डंप करने का आरोप लगा बुधवार को रैयतों ने तगड़ा विरोध किया। मनईटांड़ व धनबाद के रैयतों ने डंपिग बंद करा दी। साथ ही देवप्रभा कंपनी के डंपर को खदेड़ दिया।
इस संबंध में रैयतों का कहना था कि इसके पहले भी ऐसी कोशिश की गई थी। वर्ष 2016 में ग्रामीणों ने केस भी किया था। लेकिन इसमें हमारी जीत हुई। उधर बीसीसीएल प्रबंधन सूत्रों का कहना है कि बस्ताकोला की खदानों का अधिग्रहण करते वक्त निजी कंपनी से यह जमीन ली थी। ग्रामीण जलेश्वर महतो के मुताबिक अधिकारियों से वर्ष 2017 से अब तक कई बार पेपर मांगा गया पर वे नहीं दे सके। रैयतों ने वर्ष 2017 तक रसीद कटवाई है। इसके बावजूद उन्हें अभी तक कोई मुआवजा भी कंपनी की ओर से नहीं मिला है। मालूम हो कि देवप्रभा कंपनी को बस्ताकोला में पांच मिलियन टन क्षमता का पैच मिला है। इसका उत्पादन भी शुरू हो गया है। हालांकि ओवरबर्डेन रखने के लिए लिए जमीन की कमी की वजह से परेशानी हो रही है। विरोध करनेवालों में जय लाल महतो, किशोर महतो, जलेश्वर महतो, शत्रुघ्न महतो, भुनेश्वर महतो सहित कई ग्रामीण वहां मौजूद थे।