मुगमा में बुजुर्ग महिला का मिला शव, हत्या की आशंका
मुगमा निरसा थाना क्षेत्र के मुगमा मोड़ महादेव धर्म कांटा के समीप रहने वाली 55 वर्षीय आशा द
मुगमा : निरसा थाना क्षेत्र के मुगमा मोड़ महादेव धर्म कांटा के समीप रहने वाली 55 वर्षीय आशा देवी का शव सोमवार सुबह उनके आवास में फंदे से झूलता हुआ मिला। प्रथम दृष्टया में हत्या का मामला का प्रतीत हो रहा है। शव फंदे से लटकते हुए बेड से सटा था। हालांकि पुलिसिया जांच के बाद ही पता चल पाएगा की हत्या है या आत्महत्या। घटना की सूचना पाकर निरसा एसडीपीओ विजय कुशवाहा व निरसा थानेदार सुभाष सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। पड़ोसियों ने बताया कि मृतक महिला अपनी पांच वर्षीय पोती आरुषि कुमारी के साथ रहती थी। सोमवार की सुबह जब पड़ोसियों ने मृतक महिला के आवास का दरवाजा खुला देखा तो आवाज लगाई। आवाज देने के बाद भी कोई नहीं निकला। पड़ोसी झांककर आवास में देखा तो रस्सी के फंदे से महिला झूलती हुई नजर आई। जबकि पोती बगल में सोई हुई थी। इसके बाद पड़ोसियों ने आसपास के लोगों, पुत्रों व पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुत्र वहां पहुंचे। मृतक महिला के चार पुत्र व एक पुत्री है। उन्होंने ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व मां ने बैंक ऑफ इंडिया मुगमा शाखा से 25000 रुपए की निकासी की थी। मृतक महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य थी। शायद पैसे के लोभ में किसी ने उसकी हत्या कर दी। रुपये भी गायब है। मृतक का एक पड़ोसी भी रविवार रात से गायब है। इससे कई तरह की आशंकाएं उभर रही है।
वर्जन :
पुलिस हर पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
विजय कुशवाहा, एसडीपीओ
----------------------- कमरे में नहीं मिला बैंक से निकासी की गई राशि
एक सप्ताह पूर्व ही मृतका ने बैंक ऑफ इंडिया मुगमा शाखा से 25 हजार की निकासी की थी। इसका पता चलने के बाद उसके परिजनों व पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन रुपए नहीं मिले। जबकि बैंक से जुड़े कागजात मिले। पुलिस इन बिदुओं पर भी जांच कर रही है कि आखिर पैसा कहां गया।