हरिहरपुर में भीषण डकैती, शौच को निकले गृहस्वामी को कब्जे में लेकर घटना को दिया अंजाम Dhanbad News
Madhu Mahato House Robbery मधु महतो शौच के लिए घर से बाहर निकले। इसके बाद डकैतों ने धावा बोल दिया। डकैतों की संख्या 8 थी। पिस्टल व चाकू से लैस थे। मधु महतो को कब्जे में ले लिया। इसके बाद घटना को अंजाम दिया।
गोमो बाजार, जेएनएन। धनबाद जिले के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के बरवाडीह बस्ती में मधु महतो के घर रविवार-सोमवार की रात भीषण डकैती की घटना घटी। हथियार से लैस डकैतों ने रात के समय घर पर धावा बोल दिया। गृहस्वामी को कब्जे में लेकर 50 हजार की नकदी समेत करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति लेकर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सुबह पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच की। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
रविवार की रात लगभग 12 बजे मधु महतो शौच के लिए घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकले। उनके निकलते ही 8 की संख्या में डकैत लकड़ी की सीढ़ी के सहारे आंगन में उतर गए। इसके बाद मधु को कब्जे में ले लिया। डकैत पिस्टल और चाकू से लैस थे। चेहरे पर नकाब लगा रखा था। डकैतों ने मधु महतो के साथ मारपीट की। जान मारने की धमकी देकर घर के अंदर कमरे में सो रहे लोगों को उठाया।
कमरे से बाहर निकलने पर डकैतों ने मधु महतो के बेटे संजय महतो व अनान्द महतो को पिस्टल के बल पर नियंत्रित किया। दोनों के हाथ को बांध दिया। संजय की पत्नी प्रतिमा देवी को पिस्टल सटा कर अलमीरा की चाभी ली। इसके बाद अलमीरा और पूरे घर को खंगाल डाला। 50 हजार रुपये नकदी समेत लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति लेकर डकैत फरार हो गए। इस घटना के बाद मधु का परिवार दहशत में है। घर की महिलाएं बिलख रहीं हैं।