Morning Walk पर निकले दो लोगों को पुलिस ने पकड़ा, लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज Dhanbad News
धनबाद के एलसी रोड स्थित कला भवन के पास Morning Walk पर निकले दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है।
धनबाद, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर 24 मार्च से ही पूरे देश में लॉकडाउन है। इसका सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। पर, लोग है कि मानने को तैयार ही नहीं। ऐसे में बगैर काम के घर से निकलने वाले लोगों की धरपकड़ भी शुरू की गई है। बुधवार की सुबह साढ़े सात बजे एलसी रोड स्थित कला भवन के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले दो व्यक्तियों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपितों में सत्यप्रकाश मंडल (धैया कुम्हार टोला) व मनोज कुमार सिंह जयप्रकाश नगर के रहने वाले हैं। दोनों सुबह साढ़े सात बजे एलसी रोड में टहल रहे थे। तभी पुलिस टीम की नजर दोनों पर पड़ी। बगैर मास्क लगाए दोनों घूम रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका और घर से निकलने का कारण पूछा तो जबाव मिला कि मॉर्निंग वॉक में निकले हैं। यह बात सुनते ही पुलिस दोनों को पकड़कर थाना ले गई। दंडाधिकारी अनूप कुमार सामंत की लिखित शिकायत पर दोनों के खिलाफ पुलिस ने लॉकडाउन उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।