पिट वाटर के लिए नॉर्थ तिसरा परियोजना का काम रोका
संस तिसरा एक माह से पिट वाटर नहीं मिलने के कारण नॉर्थ तिसरा के लोगों का गुस्सा बुधवा
संस, तिसरा : एक माह से पिट वाटर नहीं मिलने के कारण नॉर्थ तिसरा के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। पिट वाटर की आपूर्ति नियमित करने की मांग को लेकर नॉर्थ तिसरा गोकुल पार्क नीचे बस्ती के विस्थापित लोगों ने परियोजना का काम लगभग तीन घंटे तक ठप कर दिया। सूचना मिलने पर सीआइएसएफ के अधिकारी कृष्णा देवनाथ और अभियंता हिमांशु कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों से बात की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के अंदर पिट वाटर की आपूर्ति की जाएगी। इसके बाद काम चालू हुआ।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे बिहार जनता खान मजदूर संघ के भोला साहनी और कांग्रेस के आलोक राज ने बताया कि परियोजना विस्तारीकरण के समय दूसरी जगह से यहां लाकर लोगों को बसाया गया था। उस समय प्रबंधन ने लोगों को पानी, बिजली, सड़क, रोजगार की सुविधा देने की बात कही गई थी। लेकिन प्रबंधन अब सुविधा नहीं दे रहा है। एक माह से भी अधिक समय से पिट वाटर की आपूर्ति बंद है। लोगों में हाहाकार मचा है। कहा कि पिट वाटर की आपूर्ति जहां से होती थी। वहां की पाइप भारी वाहनों के चलने के कारण दब गया है। प्रबंधन को बोलने के बाद भी मरम्मत कार्य नहीं हुई। इसलिए आज बाध्य होकर आन्दोलन करना पड़ा। महिलाओं ने कहा कि यहां कुछ कुआं हैं। इसका पानी काफी गंदा है।
बारिश में ऊपर स्थित गोकुल पार्क पहाड़ का पानी हम लोगों के घरों में घुस जाता है। इससे काफी परेशानी होती है। प्रबंधन ध्यान दें। दो दिनों के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फिर आंदोलन किया जाएगा।
मौके पर मनीष कुमार, किशन निषाद, मनोज कुमार, प्रकाश कुमार, सूरज कुमार, ललिता देवी, गुड़िया देवी, सोनिया देवी, सविता, बबिता, देवंती, कलावती, मीना आदि थे। अभियंता हिमांशु कुमार ने कहा कि स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। जल्द पिट वाटर आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।