Dhanbad Weather Update: आज खत्म हो जाएगा चक्रवात यास का असर, 3 जून तक होती रहेगी हल्की बारिश
Dhanbad Weather Update मौसम विभाग की माने तो तीन जून तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि बारिश ज्यादातर सुबह से दोपहर के बीच ही होगी। दूसरी पाली में मौसम साफ रहेगा। सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है।
धनबाद, जेएनएन। बंगाल की खाड़ी में जो 'यास' तूफान उठा था पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बाद झारखंड होते हुए बिहार की तरफ निकल गया है। यह झाखंड में प्रवेश करने से पहले ही काफी कमजोर पड़ गया था। इस कारण नुकसान ज्यादा नहीं हुआ। इसे झारखंड से गुजर जाने के बाद अब माैसम भी साफ होने लगा है। शुक्रवार को धनबाद में थोड़ी देर के लिए धूप भी निकली। चक्रवात का असर आज (शनिवार) पूरी तरह से झारखंड में खत्म हो जाएगा। हालांकि धनबाद समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, कोडरमा और चतरा में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकार्ड की जा सकती है। इसके साथ ही वज्रपात की भी संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन हिस्सों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
3 जून तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश
मौसम विभाग की माने तो तीन जून तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि बारिश ज्यादातर सुबह से दोपहर के बीच ही होगी। दूसरी पाली में मौसम साफ रहेगा। सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 4 से 10 जून के दौरान भी राज्य के अलग-अलग जगहों पर बारिश होती रहेगी। धूप छांव के बीच बारिश होने से तापमान में कम बढ़ोतरी होगी। जून के पहले हफ्ते में अधिकतम तापमान 40 से नीचे रहने की संभावना जताई गई है। दूसरे हफ्ते में भी अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
आज भी बरस सकती हैं हल्की फुहारें
धनबाद और पड़ोसी जिलों में शनिवार को भी सुबह से धूप छांव की आंख मिचौनी जारी रहने का अनुमान है। बादलों की आवाजाही जारी रहने से दोपहर बाद हल्की फुहारें भी बरस सकती हैं। फिलहाल माैसम सुहाना है।
प्री-मानसून में ही धनबाद 65% आगे, अब मानसून भी देनेवाला है दस्तक
पहले पश्चिम विक्षोभ के बादल और फिर एक के बाद एक लगातार दो चक्रवात ने धनबाद का मौसम तो बदल ही दिया बादल भी यहां जमकर बरसे। एक मार्च से अब तक हुई प्री मानसून की बारिश में धनबाद पूरी तरह भीग गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार धनबाद में प्री मानसून की बारिश अब तक सामान्य से 65 फीसद ज्यादा हो चुकी है। मई के पहले हफ्ते से ही मौसम का मिजाज बदले रहने से गर्मी का सामना नहीं करना पड़ा है और अब मानसून आने वाला है। यानी मई खत्म होने के बाद भी झुलसाने वाली गर्मी का सामना नहीं करना होगा। मौसम विभाग ने 10 जून तक तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे ही रहने का अनुमान जताया है।
- मंगलवार तक का संभावित तापमान
- शनिवार अधिकतम 33 न्यूनतम 25
- रविवार अधिकतम 33 न्यूनतम 25
- सोमवार अधिकतम 33 न्यूनतम 25
- मंगलवार अधिकतम 34 न्यूनतम 26