Dhanbad Weather Forecast: पड़ोस में रिकॉर्ड ठंड, वहां की हवा से ग्रामीण इलाकों में कनकनी; इस हफ्ते बारिश के आसार
मौसम विभाग की माने तो इस हफ्ते धनबाद और आसपास के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 26 जनवरी के बाद हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसकी वजह यह है कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद में ठंड थोड़ी कम हुई है। पर यहां से सटे गिरिडीह में पिछले चार पांच दिनों से ठंड ने सारा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। झारखंड के सबसे ठंडे जिले में गिरिडीह की गिनती हो रही है। पारा 6 डिग्री तक पहुंच चुका है। गिरिडीह में मौसम सर्द होने का असर उससे सटे धनबाद के टुंडी और तोपचांची समेत दूसरे हिस्से में दिख रहा है। सुबह कोहरा छाने के साथ ही शीतलहरी भी चल रही है।
मौसम विभाग की माने तो इस हफ्ते धनबाद और आसपास के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 26 जनवरी के बाद हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसकी वजह यह है कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। हिमालय के बादलों की आवाजाही पूर्वी बिहार से झारखंड होकर छत्तीसगढ़ और विदर्भ तक है। बादलों की सक्रियता से ही तापमान में बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर उत्तर पूर्वी बांग्लादेश से दक्षिणी असम तक भी एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इस हफ्ते तापमान में उतार चढ़ाव होता रहेगा। सुबह घना कोहरा छाने के बाद धूप भी खिलेगी। शाम में फिर आबोहवा सर्द हो जाएगी।
गुरुवार तक का संभावित तापमान
- सोमवार अधिकतम 27 न्यूनतम 12
- मंगलवार अधिकतम 28 न्यूनतम 11
- बुधवार अधिकतम 26 न्यूनतम 11
- गुरुवार अधिकतम 26 न्यूनतम 14