धनबाद थाना के मुंशी को पुलिस लाइन में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, सड़क दुर्घटना में हुई थी मौत
पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 12 बजे प्रेम सिंह का शव पुलिस लाइन लाया गया। वहां तीनों एसपी समेत पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फुलमाला चढ़ाकर शव को अंतिम विदाई दी।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद थाना के मुंशी प्रेम कुमार सिंह के शव को अंतिम विदाई रविवार को पुलिस लाइन में दी गई। इस मौके पर एसएसपी अखिलेश बी वारियर, ग्रामीण एसपी अमित रेणु, सिटी एसपी आर रामकुमार समेत दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल थे। दोपहर 12 बजे के करीब पोस्टमार्टम के बाद प्रेम सिंह का शव पुलिस लाइन लाया गया। वहां तीनों एसपी, डीएसपी समेत पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फुलमाला चढ़ाकर शव को अंतिम विदाई दी।
प्रेम कुमार सिंह पलामू जिले का रहनेवाला था। लिहाजा पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर कुछ रिश्तेदार की मदद से शव को पलामू भिजवा दिया। यहां के एक पदाधिकारी कुछ सिपाही के साथ 407 वाहन से शव लेकर पलामू रवाना हुए हैं। धनबाद थाने के पुलिसकर्मियों के अनुसार, प्रेम कुमार सिंह के एक भाई की मौत भी काफी पहले सड़क दुर्घटना में ही हुई थी।
भांजी की शादी में शामिल होने जा रहा था बिहार : दरअसल, रविवार की सुबह बरवाअड्डा निरंकारी चौक के पास दुर्घटना हुई। जिसमें धनबाद थाना के मुंशी प्रेम कुमार सिंह की मौत हो गई। दुर्घटना कैसे हुई किस गाड़ी से हुई, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। प्रेम सड़क किनारे बाइक लेकर गिरा पड़ा था। उसकी हेलमेट भी टूट गई थी। सिर में गंभीर चोट लगे थे। पुलिस पेट्रोलिंग टीम उसे उठाकर सदर अस्पताल ले गई, लेकिन वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि बाइक का संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना हुई। वह अपनी भांजी की शादी में शामिल होने औरंगाबाद जा रहा था।
जिंदगी और मौत से जूझ रहा जवान : वहीं दूसरी घटना सिपाही नीरज दूबे के साथ हुई। नीरज दूबे पिछले कुछ माह से पुलिस के सामान्य शाखा में पदस्थापित है। इधर कोविड-19 गोल्फग्राउड में उसकी ड्यूटी थी। शनिवार की देर रात धनसार इलाके में सड़क किनारे गिरा हुआ पाया गया। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम उसे उठाकर रात में ही पीएमसीएच ले गई थी। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए उसे रांची रेफर कर दिया। वह फिलहाल रांची के एक निजी अस्पताल में जिंदगी मौत से जूझ रहा है।