Shree Krishna Janamashtami 2021: कहीं राधा-कृष्ण संग रैंप वॉक तो कहीं कान्हा की लीलाओं का होगा बखान
Shree Krishna Janamashtami 2021 इस्कॉन मंदिर की ओर से हर वर्ष श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर भगवतगीता के आधार पर जीवन में साहस का महत्व विषयक व्याख्यान पर प्रख्यात विचारक प्रवचन देंगे। जन्माष्टमी पर्व के दिन गृहस्थ भक्त प्रभु का प्राकट्य उत्सव मनाएंगे।
जागरण संवाददाता, धनबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 30 अगस्त को है। मंदिर बंद है, बावजूद इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंदिर में बड़ा कार्यक्रम नहीं होगा। संस्थाओं ने जरूर कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का खाका खींच लिया है। स्मृति डांस डांस क्लासेज और क्लब अरुणिमा की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कुछ अलग तरह का कार्यक्रम होने जा रहा है। 28 अगस्त को धैया के तमाशा मैरिज हॉल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह होगा। यह बच्चों और बड़ों दोनों के लिए है। 12 वर्ष से अधिक आयु के राधा-कृष्ण रैंप पर चहलकदमी करेंगे। बड़ों के लिए आयु सीमा की बाध्यता नहीं है। ऐसे युवक-युवतियों भी रैंप पर कदमताल कर सकेंगे। स्मृति डांस डांस की काजल झा एवं क्लब अरुणिमा की शिल्पा सिंह ने बताया कि महिलाओं के लिए तीज स्पेशल कार्यक्रम होगा। इसमें भी उम्र की बाध्यता नहीं है। सभी प्रतिभागियों के लिए सरप्राइस उपहार रखे गए हैं।
30-31 को श्रीकृष्ण के रंग में रंगे नजर आएंगे धनबादवासी
30-31 को दो दिनों तक धनबाद के लोग श्रीकृष्ण के स्वरूप में मगन होकर झूमते नजर आएंगे। इस्कॉन मंदिर धैया शाखा की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 30 और 31 अगस्त को धनबाद क्लब में कार्यक्रम होगा। शाम छह से रात 12 बजे तक कई कार्यक्रम होंगे। साधु भोजन, पंचामृत अभिषेक और पुष्प अभिषेक होगा। भजन कीर्तन की धारा बहेगी। सब कृष्ण के रंग में रंगे नजर आएंगे। इस्कॉन धनबाद के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
हर वर्ष होता आयोजन
इस्कॉन मंदिर की ओर से हर वर्ष श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर भगवतगीता के आधार पर जीवन में साहस का महत्व विषयक व्याख्यान पर प्रख्यात विचारक प्रवचन देंगे। जन्माष्टमी पर्व के दिन गृहस्थ भक्त प्रभु का प्राकट्य उत्सव मनाएंगे। भजन-कीर्तन व नृत्य के जरिए कान्हा की लीलाओं का बखान होगा। स्वर्ण, रत्न जड़ित आकर्षक परिधान कान्हा को धारण कराया जाएगा। कुसुम विहार के इस्कॉन मंदिर में भी 30 को कृष्ण जन्माष्टमी के दिन कार्यक्रम होगा। यहां भी कान्हा का श्रृंगार करने के साथ भजन कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। लोगों में महाप्रसाद का भी वितरण होगा।