Jharkhand Assembly Election 2019 : सबा का टिकट फाइनल होते ही बगावत के मूड में जिलाध्यक्ष, कैप्टन बोले- जन मुद्दों को लेकर जारी रहेगा संघर्ष
झाविमो ने टुंडी से पूर्व मंत्री डा. सबा अहमद को टिकट दिया है। इसके अलावा धनबाद से सरोज सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। टिकट नहीं मिलने से टुंडी जिलाध्यक्ष बगावत के मूड में हैं।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विकास मोर्चा (JVM) ने टुंडी (Tundi Assembly seat) और धनबाद (Dhanbad Assembly seat) से अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। टुंडी से पूर्व मंत्री डा. सबा अहमद को टिकट झाविमो ने फाइनल कर दिया है। इसके अलावा धनबाद से सरोज सिंह को टिकट दिया गया है। जबकि टुंडी से जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा और धनबाद से कैप्टन प्रदीप मोहन सहाय प्रबल दावेदार थे।
झाविमो की ओर से टिकट की घोषणा होने के बाद पार्टी में बगावत के सुर उठने लगे हैं। जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा ने रविवार को अपने समर्थकों की एक बैठक अपने आवास पर आयोजित की है। सिन्हा ने दावा किया है कि वे मामले को लेकर समर्थकों के साथ विचार विमर्श करेंगे और सहमति बनती है तो चुनाव भी लड़ेंगे।
इधर कैप्टन सहाय ने कहा कि उन्होंने धनबाद के जन मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया है और आगे भी करते रहेंगे। हालांकि टिकट नहीं मिलने को लेकर सहाय ने गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ेंगे या नहीं ये आने वाला वक्त बताएगा।
गौरतलब है कि बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर अपने प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी की। इस सूची में 15 प्रत्याशियों के नामों का एलान किया गया है। पार्टी ने झरिया से योगेंद्र यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, गिरिडीह से चुन्नूकांत प्रसाद औऱ देवघर से निर्मला भारती चुनावी मैदान में उतरेंगी।