झामुमो के शोकाज से सीता और सरफराज बेपरवाह, विधायक मथुरा का इस्तीफा
JMM NEWS झामुमो विधायकों के दूसरी राजनीतिक पार्टियों से जुड़ी ट्रेड यूनियनों में शामिल होने पर पार्टी ने विधायक सीता सोरेन को शोकाज किया था। झामुमो की अपनी ट्रेड यूनियन झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन है। झामुमो के नेताओं को सिर्फ अपनी यूनियन झाकोमयू से जुड़े रहने का निर्देश है।
दिलीप सिन्हा, धनबाद। झामुमो नेतृत्व (JMM) के दबाव के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता व टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने वामपंथी ट्रेड यूनियन बिहार कोलियरी कामगार यूनियन से अपना इस्तीफा दे दिया है। वह बीसीकेयू के केंद्रीय उपाध्यक्ष थे। बीसीकेयू माकपा की ट्रेड यूनियन सीटू से संबद्ध है। इधर झामुमो की जामा की विधायक सीता सोरेन ने भाकपा की ट्रेड यूनियन एटक एवं गांडेय के विधायक डा. सरफराज अहमद ने कांग्रेस की ट्रेड यूनियन इंटक से इस्तीफा नहीं दिया है। सीता सोरेन एटक की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं वहीं सरफराज इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। दोनों अपने-अपने पदों पर बने हुए हैं। सीता सोरेन झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन की पुत्रवधू हैं।
झामुमो ने विधायकों को किया था शोकाज
झामुमो विधायकों के दूसरी राजनीतिक पार्टियों से जुड़ी ट्रेड यूनियनों में शामिल होने पर पार्टी ने विधायक सीता सोरेन को शोकाज किया था। झामुमो की अपनी ट्रेड यूनियन झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन है। झामुमो के नेताओं को सिर्फ अपनी यूनियन झाकोमयू से जुड़े रहने का निर्देश पार्टी ने दिया है। इस निर्देश का उल्लंघन करने वाले झामुमो विधायकों एवं नेताओं पर पार्टी कार्रवाई करने की तैयारी में है। इधर सीता सोरेन ने नोटिस जारी करने पर कहा था कि उनके अलावा भी झामुमो के कई नेता दूसरी पार्टियों की यूनियन में हैं।
किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए
विदित हो कि ऐसे विधायकों में मथुरा प्रसाद महतो एवं डा. सरफराज अहमद का नाम शामिल है। इसके बाद पार्टी ने दोनों विधायकों से भी जवाब मांगा था। सीता सोरेन ने कहा था कि मजदूर हित में किसी भी यूनियन में जुडऩे से परेशानी नहीं होनी चाहिए। पार्टी निर्देश को देखते हुए मथुरा महतो ने तुरंत बीसीकेयू से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद इसकी सूचना उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भी दे दी है। मथुरा लंबे समय से बीसीकेयू में पदाधिकारी थे। यहां हम आपको बता दें कि झाकोमयू के गठन के पूर्व झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन एवं बिनोद बिहारी महतो भी बीसीकेयू के पदाधिकारी रह चुके हैं।
एटक का वनभोज कल, ढुलू व सीता सोरेन होंगी शामिल
बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो एटक के बैनर तले ब्लाक टू बाघमारा में जमुनिया नदी किनारे 21 जनवरी को वनभोज का आयोजन करेंगे। ढुलू महतो एटक से संबद्ध यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन के केंद्रीय सचिव हैं। ढुलू के इस वनभोज में एटक के वरिष्ठ नेताओं के अलावा झामुमो विधायक व एटक की प्रदेश उपाध्यक्ष सीता सोरेन भी शामिल होंगी। बीसीसीएल में पहली बार एटक के किसी कार्यक्रम में सीता सोरेन शरीक होंगी। वनभोज में सीता सोरेन के शामिल होने की जानकारी एटक के वरिष्ठ नेता विनोद मिश्र ने दी है। इस संबंध में विधायक ढुलू महतो ने बताया कि वनभोज का आयोजन एटक ने किया है। इसमें उनके व सीता सोरेन के अलावा एटक के केंद्रीय अध्यक्ष रमेंद्र कुमार भी भाग लेंगे।
टुंडी के विधायक मथुरा महतो ने इस्तीफा देकर पार्टी को सूचना दे दी है। जामा की विधायक सीता सोरेन ने नोटिस का जवाब दे दिया है। इस पर पार्टी अध्यक्ष निर्णय लेंगे। गांडेय के विधायक डा. सरफराज अहमद ने भी बात की है। पार्टी के महाधिवेशन में नेतृत्व के व्यस्त रहने के कारण इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हो सका है।
-विनोद पांडेय, महासचिव झामुमो