Jharkhand Politics: बांग्लादेशी घुसपैठिए के मुद्दे पर संताल की राजनीति गर्म, झामुमो-कांग्रेस ने निशिकांत पर बोला हमला
पाकुड़ जिला कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी निलन मिश्रा ने भी दुबे के बयान का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि है कि सांसद निशिकांत दुबे का बयान शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद ने आदिवासी समाज पर सीधे तौर पर हमला किया गया है।
पाकुड़, जेएनएन। गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बांग्लादेशी घुसपैठिए के मुद्दे पर पाकुड़ में संवेदनशील बयान देकर संताल परगना की राजनीति को गरमा दिया है। संताल परगना के पाकुड़ और साहिबगंज जिले में बांग्लादेशी घुसपैठिए की समस्या है। दुबे ने कहा था कि बांग्लादेशी घुसपैठिए खुद को भारत का नागरिक बनने और संपति कब्जाने के लिए आदिवासी लड़कियों को प्रेम जाल में फांस कर शादी कर रहे हैं। इस बयान का पाकुड़ जिला झामुमो ने विरोध किया है। जिला सचिव समद अली ने कहा है कि देश व राज्य कोरोना महामारी से जूझ रहा है। लोग जान बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में भी भाजपा राजनीति करना नहीं छोड़ रही है। इस विषम परिस्थिति में आदिवासी समाज को लेकर दिया गया सांसद निशिकांत दुबे का बयान शर्मनाक है।
आदिवासी समाज पर सीधा हमला
अली ने कहा कि पाकुड़ सर्किट हाउस में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे का घुसपैठी मुसलमान और आदिवासी समाज को जोड़कर बयान आया था। यह राजनीतिक व गैर जिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा है कि आदिवासी समाज पर सीधे तौर पर हमला किया गया है। इस तरह के बयान की उम्मीद सांसद से नहीं थी, लेकिन भाजपा की मानसिकता आखिर सामने आ ही गई। किसी खास समाज के लड़के लड़कियों के प्रति सांसद अपनी नजरिया समझा गए। इस तरह का बयान उनकी गलत मानसिकता और सोच का नतीजा है। झारखंड में भाजपा को सत्ता से दूर होना हजम नहीं हो रहा है। झारखंड में झामुमो, कांग्रेस, राजद एवं अन्य दलों की गठबंधन की सरकार चल रही है। इस सरकार ने काफी कम समय में कोविड-19 महामारी के दौरान भी उपलब्धि और आम जनता के हित में किए गए कार्य से भाजपा घबराई हुई है। जिला सचिव ने कहा कि किसी भी समाज पर इस तरह का बयान बाजी और आरोप लगाने से पहले उन्हें इसका प्रमाण देना चाहिए। भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखें। कई राष्ट्रीय स्तर से लेकर चर्चित भाजपा नेता अपने वैवाहिक जीवन को लेकर चर्चा में रहे हैं। सांसद निशिकांत दुबे अपने बयान को यथाशीघ्र वापस लें। आदिवासी समाज से माफी मांगे।
भाजपा सांसद की बयानबाजी शर्मनाक
पाकुड़ जिला कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रभारी निलन मिश्रा ने भी दुबे के बयान का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि है कि सांसद निशिकांत दुबे का बयान शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद ने आदिवासी समाज पर सीधे तौर पर हमला किया गया है। इस तरह की बेतुका बयान की उम्मीद सांसद से नहीं थी। झारखंड में भाजपा को सत्ता से दूर रहना हजम नहीं हो रहा है।