Jharkhnad Panchayat Chunav 2022: बाघमारा में लड़े कोई, मुकाबला ढुलू-जलेश्वर के बीच ही रहता
असल मुकाबला बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो एवं कांग्रेस के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो के बीच होता है। पंचायत चुनाव में भी यही हो रहा है। वोटों की गिनती के दौरान मतगणना स्थल के बाहर जो दृश्य नजर आ रहा है वह यही बयां कर रहा है।
दिलीप सिन्हा, धनबाद : पंचायत चुनाव का दूसरा चरण बाघमारा एवं धनबाद प्रखंड में हुआ है। दूसरे चरण के वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। सबसे गहमागहमी की स्थिति बाघमारा की है। कारण, बाघमारा में कोई भी चुनाव हो और कोई भी लड़े, लेकिन असल मुकाबला बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो एवं कांग्रेस के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो के बीच होता है। पंचायत चुनाव में भी यही हो रहा है। वोटों की गिनती के दौरान मतगणना स्थल के बाहर जो दृश्य नजर आ रहा है, वह यही बयां कर रहा है।
ढुलू एवं जलेश्वर समर्थकों से पालिटेकनिक परिसर पटा हुआ है। महुदा से जलेश्वर की बहू रीना कुमारी मैदान में हैं। ढुलू के परिवार से कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ रहा है। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र की पांचों जिला परिषद सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी हैं। सभी की जीत का झंडा ढुलू ने उठा रखा है। यही कारण है कि माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव को ढुलू महतो एवं जलेश्वर महतो के बीच विधानसभा चुनाव का सेमिफाइनल है। दोनों ने अपने-अपने समर्थकों के लिए ताकत भी झोंका है। इस चुनाव के जरिए दोनों बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ की भी पड़ताल करेंगे। जिला परिषद की इन पांच सीटों में पूरे बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के वोटर वोट डालेंगे। इस कारण, दोनों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का भी सवाल बन गया है।
जलेश्वर महतो ने अपनी पुत्रवधू को जिला परिषद की 21 नंबर सीट से उतारा है। उनकी पुत्रवधू का मुकाबला यहां ढुलू समर्थक भाजपा नेता शेखर सिंह की पत्नी से हुआ है। इधर ढुलू के करीबी एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के महानगर अध्यक्ष गौरचंद बाउरी की पत्नी अंजना देवी का मुकाबला जलेश्वर समर्थित कांग्रेस नेता की पत्नी से हुआ है। अंजना देवी जिला परिषद की वर्तमान सदस्य हैं।
पिछले चुनाव में बाघमारा से जिप के निर्वाचित सदस्य
- जिप क्षेत्र संख्या 17 : सुभाष राय
- जिप क्षेत्र संख्या 18 : रेखा देवी
- जिप क्षेत्र संख्या 19 : अंजना बाउरी
- जिप क्षेत्र संख्या 20 : मुरारी मोहन सिंह
- जिप क्षेत्र संख्या 21 : संतोष महतो