जामताड़ा, जेएनएन। कोरोना का प्रसार रोकने को सबसे जरूरी है इसके संक्रमण की जांच। इसके लिए झारखंड को तत्काल 35 हजार टेस्ट किट चाहिए। इसकी व्यवस्था कराएं। अभी हमारे पास सामान्य टेस्ट किट 7577 तथा राइबोन्यूक्लिक एसिड टेस्ट किट 8263 हैं। किट की कमी से कोरोना की जांच में बाधा आ रही है। यह बात झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से वीडियो संवाद के दौरान कही। उन्होंने झारखंड में कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई की भी अद्यतन स्थिति की जानकारी दी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड सरकार ने पूर्व में एक लाख रैपिड टेस्ट किट की मांग की थी। बावजूद वह राज्य को उपलब्ध नहीं हो सकी। सूबे में अभी तक 45 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में हो रहा है। कोरोना के मुद्दे पर झारखंड केंद्र के हर आदेश का पालन कर रहा है। सजगता के कारण ही अन्य प्रदेशों की तुलना में यहां बहुत कम लोग संक्रमित हुए हैं। इसी क्रम में 22 मार्च को लॉकडाउन के तुरंत बाद यहां विधानसभा सत्र स्थगित कर दिया गया। राज्य में टेस्ट किट की कमी चिंता का विषय है। कहा कि झारखंड के अनेक मजदूर दूसरे प्रदेश में फंसे हैं। कई ऐसे लोग जो वेल्लोर, दिल्ली, मुंबई इलाज कराने गए थे और वहां फंस गए। झारखंड के कई छात्र कोटा में फंसे हैं। इन सभी को घर पहुंचाने के लिए पहल का अनुरोध किया। वहां की सरकारें भी इनकी मदद करें। लोकसभा अध्यक्ष ने मंगलवार को वीडियो संवाद के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष के साथ कोरोना संकट पर चर्चा की। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो अपने गृह जिला जामताड़ा में थे। उन्होंने जामताड़ा डीसी कार्यालय स्थित एनआइसी कार्यालय से लोकसभा अध्यक्ष के साथ संवाद में भाग लिया।
अध्यक्ष ने सूबे में चल रहे राहत कार्यों की दी जानकारी
विस अध्यक्ष ने लॉकडाउन में सरकार की ओर से संचालित राहत कार्यों की जानकारी दी। बताया कि सभी राशन कार्डधारियों को जविप्र दुकान से दो माह का खाद्यान्न दिया गया है। नौ लाख ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने राशन कार्ड के लिए आवेदन दिया था उन्हें भी दो माह का अग्रिम खाद्यान्न मुहैया करवाया है। मुखिया के माध्यम से भी गरीबों को दस किग्रा खाद्यान्न दे रहे हैं। दाल-भात केंद्र के माध्यम से निश्शुल्क भोजन कराया जा रहा है। झारखंड के सांसद व विधायक भी आमजनों की मदद कर रहे हैं। झारखंड में दुरुस्त व्यवस्था है, चार संक्रमित मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। जिला से लेकर प्रखंड तक क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए। वहां भर्ती लोगों को निश्शुल्क भोजन, दूध, दवा दी जा रही है। वीसी में देशभर के विधानसभा अध्यक्षों ने अपने अपने राज्य के कोरोना अपडेट से लोस अध्यक्ष को अवगत कराया।
धनबाद में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे