25 सूत्री मांगों को लेकर राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने CM को लिखा पत्र, 25 जून को होगा आंदोलन Dhanbad News
झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ 25 सूत्री मांगों को लेकर 25 जून को मांग दिवस मनाएगा। महासंघ के महामंत्री अशोक सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ अपनी 25 सूत्री मांगों को लेकर 25 जून को राज्य के सभी जिला मुख्यालय पर मांग दिवस मनाएगा। महासंघ के महामंत्री अशोक कुमार सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। इस संबंध में धनबाद के महासंघ के पदाधिकारियों को भी सूचित किया गया है।
महासंघ ने कहा कि कोरोना वायरस के इस संक्रमण काल में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सरकारी कार्यालय खुले हैं। लेकिन, स्वास्थ्य विभाग को छोड़कर दूसरे सरकारी विभाग में कोरोना वायरस से बचने के लिए कोई सामग्री नहीं दी गई है। ऊपर से इन सरकारी कर्मचारियों को बीमा भी नहीं कराया गया है। ऐसे में महासंघ मुख्यमंत्री से मांग करता है कि अन्य कर्मचारियों को भी 50 लाख की बीमा कराई जाए।
इसके अलावे कई कर्मचारियों की बच्चों की शादी सहित अन्य जरूरी काम के लिए पैसे की निकासी नहीं हो रही है। कोषागार से फिलहाल निकासी पर रोक है। इस पर भी सरकार को नरमी बरतनी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि 25 जून को कर्मचारी अपने-अपने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस आंदोलन को मांग दिवस रखा गया है। हालांकि इसमें शारीरिक दूरी का पालन किया जाएगा। आंदोलन का मकसद मांगों के प्रति सरकार का ध्यान आकृष्ट कराना है।
पुरानी पेंशन बहाल हो : महासंघ ने कहा है कि सरकार फिर से पुरानी पेंशन को बहाल करें। नई पेंशन नीति को रद्द करना चाहिए। यह पूरी तरह से कर्मचारियों के हित में नहीं है। सरकारी अस्पतालों, विभागों सहित अन्य इकाई में काम करने वाले अनुबंध और आउटोर्सिंग के कर्मचारियों को स्थाई किया जाए। कुल 25 मांगे हैं।