Medical Colleges of Jharkhand: सूबे के स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र पर साधा निशाना, तीन मेडिकल कॉलेजों को बंद करने की साजिश का लगाया आरोप
मंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपना संस्कार खो दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास गाली-गलौज की भाषा पर उतर आएं हैं। बिहार चुनाव की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन के पक्ष में लहर है।
बरवाअड्डा, जेएनएन। केंद्र सरकार साजिश के तहत दुमका, पलामू और हजारीबाग के मेडिकल कॉलेज की मान्यता रद करने पर तुली हुई है। केंद्र सरकार लगातार झारखंड सरकार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। यह कहना है सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का। वे शुक्रवार की रात बिहार के सुपौल से चुनाव प्रचार कर लौटने के क्रम में बरवाअड्डा स्थित अपना ढाबा में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती रघुवर सरकार ने खजाना खाली कर दिया था। इसके बावजूद झारखंड सरकार कोविड-19 की रोकथाम के लिए बेहतर काम किया है। धनबाद के मेडिकल कॉलेज में फिर से एमबीबीएस की सौ सीट की जाए, इसके लिए हम सभी प्रयासरत हैं। कोविड अस्पताल में सभी जरूरी सामान की व्यवस्था की गई है। प्लाज्मा थेरेपी से अब धनबाद में भी मरीजों का इलाज शुरू करा दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपना संस्कार खो दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास गाली-गलौज की भाषा पर उतर आएं हैं। बिहार चुनाव की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन के पक्ष में लहर है। झारखंड के उपचुनाव के संबंध में कहा कि दोनों सीटों पर यूपीए की जीत सुनिश्चित है। इस दौरान समाजसेवी संतोष विकराल, एजाज अहमद, सफीउद्दीन अंसारी आदि ने बरवाअड्डा में उनका स्वागत किया।