Jagran Impact: नेपाल में फंसे दुमका के मजदूरों की सरकार ने ली सुध, वापसी के लिए बस के साथ भेजी गई मेडिकल टीम
दुमका की उपायुक्त राजेश्वरी बी के निर्देश पर शुक्रवार को नेपाल के विराटनगर की सीमा से प्रवासी मजदूरों को लाने के लिए बस अन्य वाहनों को रवाना किया गया। बस के अलावा एक एंबुलेस स्कार्पियो और एक अरटिगा वाहन भी रवाना किया गया है।
दुमका, जेएनएन। झारखंड के दुमका जिले के जामा और रामगढ़ के नेपाल में फंसे 26 मजदूरों की वापसी होने जा रही है। मजदूरों को लाने के लिए दुमका से बस और एंबुलेंस के साथ प्रशासन की एक टीम नेपाल रवाना हो गई है। रविवार शाम तक नेपाल से मजदूरों की वापसी होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी ट्वीट कर दुमका की मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए बस नेपाल भेजे जाने की जानकारी दी है। दुमका मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का राजनीतिक क्षेत्र है। उनकी पार्टी झामुमो का आधार भी दुमका इलाके में है।
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM के निदेश पर @DumkaDc द्वारा नेपाल में फंसे 26 प्रवासी श्रमिक को झारखण्ड वापस लाने हेतु बस और एम्बुलेंस भारत- नेपाल की सीमा पर भेजा गया।लौटने पर श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच होगी। इसके उपरांत @DCDumka श्रमिकों को उनके गंतव्य के लिए रवाना करेगा। pic.twitter.com/XQXqlOAAyD
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) May 21, 2021
दुमका के 26 मजदूर नेपाल में हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम करने गए थे। कोरोना औ लॉकडाउन के कारण वे वहां फंस गए। इनमें कई बीमार हैं। शुक्रवार को दुमका जिला प्रशासन ने मजदूरों को लाने के लिए विराटनगर के लिए एक बस, एक एंबुलेंस व दो अन्य वाहनों को रवाना किया। नेपाल सरकार ने भी मजदूरों को विराटनगर तक पहुंचाने की व्यवस्था की है। रास्ते में किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हो इसके लिए दुमका जिला प्रशासन ने दंडाधिकारी के तौर पर लघु सिंचाई विभाग के कनीय अभियंता राकेश कुमार एवं अनूप कुमार वर्मा को प्रतिनियुक्त कर बस के साथ भेजा है। एंबुलेंस के साथ चिकित्सक समेत तीन सदस्यीय दल गई है। एंबुलेंस में मेडिकल किट की भी व्यवस्था है।
प्रवासी मजदूर नेपाल के सिंधुपाल चौक जिला के अंचल बागमती के गैरी गांव में फंसे हुए हैं। प्रवासी मजदूरों ने झारखंड सरकार तथा जिला प्रशासन से वापस अपने घर लौटने के लिए तीन दिन पूर्व समुचित व्यवस्था करने की गुहार लगाई थी। इसके बाद Jagran.com पर 20 मई को दुमका में फंसे मजदूरों की परेशानी और उनकी अपील पर खबर चली थी। इसे दुमका की उपायुक्त राजेश्वरी बी ने गंभीरता से लिया। नेपाल में फंसे मजदूरों की वापसी के लिए फौरी ताैर पर व्यवस्था की।
दुमका की उपायुक्त राजेश्वरी बी के निर्देश पर शुक्रवार को नेपाल के विराटनगर की सीमा से प्रवासी मजदूरों को लाने के लिए बस अन्य वाहनों को रवाना किया गया। बस के अलावा एक एंबुलेस, स्कार्पियो और एक अरटिगा वाहन भी रवाना किया गया है। वहां से मजदूरों को इंडोर स्टेडियम लाया जाएगा और यहां इनका स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत ही अग्रतर पहल की जाएगी।