पाकिस्तान ने बिगाड़ा राजस्थान से धनबाद तक का माैसम, जानें कब तक बेमाैसम की बारिश और ओलावृष्टि
Dhanbad Weather Update News झारखंड का माैसम बिगड़ गया है। ठंड के माैसम में धनबाद बोकारो जामताड़ा गिरिडीह समेत कई जिलों में बेमौसम की हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो रही है। माैसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 24 और 25 जनवरी को भी ऐसा ही हाल रहेगा।
जागरण संवाददाता,धनबाद। झारखंड के धनबाद और इसके आसपास के जिले-बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा का माैसम बिगड़ गया है। आज रविवार तड़के से बेमाैसम की हल्की बारिश हो रही है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। माैसम विभाग रांची के अनुसार रविवार दिनभर माैसम में बदलाव के आसार नहीं हैं। 24 और 25 जनवरी को धनबाद के साथ ही झारखंड के ज्यादातर जिलों में भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी होती रहेगी। 26 जनवरी को माैसम साफ होगा। हालांकि बेमाैसम की बारिश ठंड ने थोड़ी राहत दी है। तापमान बढ़ गया है। पहले जैसी अब सर्दी का सितम नहीं है।
बारिश के पीछे पाकिस्तान का हाथ
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आया है। पकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से साइक्लोनिक सरकुलेशन बन गया है। इसके साथ ही उत्तरी पाकिस्तान में एक और पश्चिमी विक्षोभ ने जन्म ले लिया है। इन दोनों के एक साथ सक्रिय होने से राजस्थान में लो प्रेशर बन गया है। इसका प्रभाव राजस्थान से लेकर झारखंड के धनबाद और आसपास तक दिख रहा है। आसमान में घने बादल हुए हैं। हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो रही है। सोमवार को भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। धनबाद समेत पूरे उत्तर पूर्वी जिलों में बारिश का अनुमान है।
रविवार दिन में ज्यादा रहेगी ठंड
धूप नहीं खिलने और बारिश होने की वजह से रविवार को दिन का तापमान सर्द रहेगा। मौसम विभाग ने दिन का तापमान 20 डिग्री पर रहने की संभावना जताई है। दिन का तापमान कम रहने से ठंड का एहसास भी ज्यादा होगा। शाम ढलने के बाद भी ठंड रहेगी। पर न्यूनतम तापमान के 14 डिग्री पर रहने से रात में ठंड थोड़ी कम रहेगी। 25 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ और लो प्रेशर का असर दिखेगा। 26 जनवरी से मौसम एक बार फिर शुष्क होने के आसार हैं। हालांकि 26 जनवरी के बाद भी दो-तीन दिनों तक दिन में देर तक घना कोहरा चेहरा सकता है।
ऐसे होगा 26 जनवरी तक का तापमान
- रविवार अधिकतम 20 न्यूनतम 14
- सोमवार अधिकतम 22 न्यूनतम 14
- मंगलवार अधिकतम 22 न्यूनतम 14
- बुधवार अधिकतम 23 न्यूनतम 13