Dhanbad Weather Forecast: इस हफ्ते आसमान में मंडराते रहेंगे बादल, धूप-छांव के साथ आंधी-पानी भी
Jharkhand Dhanbad Weather Forecast इस सप्ताह माैसम में उतार-चढ़ाव रहेगा। कभी धूप होगी तो कभी आंधी-पानी। बीच-बीच में हल्की बारिश भी होगी। इस कारण गर्मी नियंत्रण में रहेगी। माैसम सुहाना बना रहेगा। लोगों को मई की गर्मी का एहसास नहीं होगा।
धनबाद, जेएनएन। इस हफ्ते धनबाद और आसपास के लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना नहीं करना होगा। धूप खिलेगी पर धूप के तेवर कड़े नहीं रहेंगे। धूप छांव की आवाजाही जारी रहेगी। इस दौरान कभी धूप चलेगी तो कभी आसमान में बादल छा जाएंगे। रह रह कर बारिश भी होती रहेगी। बीच-बीच में 40 से 50 की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है। बिजली गिरने को लेकर भी मौसम विभाग ने सतर्क किया है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को भी आसमान में बादल छाए सकते हैं। बादलों की आवाजाही बढ़ने से तेज गर्जन के साथ बारिश भी होने की संभावना है। माैसम विभाग ने धनबाद समेत पूरे झारखंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
माैसम में बदलाव के यह कारण
मौसम में आए बदलाव का कारण साइक्लोनिक सरकुलेशन है जो राजस्थान से मध्य प्रदेश तक और मध्य प्रदेश से मणिपुर तक फैल चुका है। साइक्लोनिक सरकुलेशन के बादल झारखंड होकर गुजर रहे हैं। इस वजह से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो रही है। इस पूरे हफ्ते राज्य के ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बादल छाने और बारिश होने की वजह से तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। पिछले दिनों 41 डिग्री तक पहुंचा धनबाद का तापमान अब 34-35 डिग्री पर पहुंच चुका है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 21-32 के बीच पहुंच सकता है। यानी लगभग 10 डिग्री की गिरावट अधिकतम तापमान में होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट आ गई है। तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत मिल गई है।
पड़ोसी जिलों में भी बदलेगा मौसम, गरज के साथ बारिश संभव
धनबाद के पड़ोसी जिलों में भी अगले कई दिनों तक मौसम में तब्दीली दिखने की संभावना है। बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, जामताड़ा में भी बादल गरजने के साथ बारिश होने के संकेत मिले हैं। दुमका समेत ज्यादातर उत्तर पूर्वी जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
सात मई तक का संभावित तापमान
- सोमवार अधिकतम 34 न्यूनतम 23
- मंगलवार अधिकतम 33 न्यूनतम 23
- बुधवार अधिकतम 32 न्यूनतम 23
- गुरुवार अधिकतम 32 न्यूनतम 23
- शुक्रवार अधिकतम 34 न्यूनतम 24